हरियाणा में बीएसपी के इकलौते विधायक को पार्टी ने किया निष्कासित

6/29/2018 8:21:13 AM

चंडीगढ़(धरणी):  हरियाणा में बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक टेकचंद शर्मा को पार्टी ने निष्कासित करने की घोषणा कर दी है। पार्टी की तरफ से बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमारी मायावती के निर्देश पर पृथला विधानसभा से विधायक टेकचंद शर्मा को अनुशासनहीनता व पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते पार्टी से निकालने का फैसला लिया है।

इसकी जानकारी देते हुए हरियाणा बीएसपी के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश भारती ने कहा कि टेकचंद शर्मा की पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते उन्हे पार्टी से निष्कासित किया गया है। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं को आगाह किया गया है कि कोई भी कार्यकर्ता या पदाधिकारी टेकचंद शर्मा से संपर्क ना रखें।

इस मामले में शर्मा का कहना है कि उन्हें आधिकारिक तौर पर ऐसी कोई जानकारी नही है। पार्टी ने अगर ऐसा कुछ किया है तो आने वाले समय के लिए वह अपने सभी साथियों के साथ मिलकर आगामी रणनीति बनायेंगें। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अभी बीजेपी की सरकार है और जनता काम मांगती है। 

उन्होंने कहा कि जन हित के कामों के लिए उन्हें सरकार में भी जाना पड़ता है। हरियाणा में अब इनेलो और बीएसपी का गठबंधन है, लेकिन टेकचंद शर्मा बीजेपी के साथ रहते हैं। जिस वजह से उन्हे पार्टी ने निष्कासित कर दिया गया।  


 

Rakhi Yadav