जेजेपी विधायक को गांव में बुलाने पर चली गोलियां ! 7 लोग बुरी तरह घायल

3/3/2021 9:29:18 PM

जींद (अनिल कुमार): हरियाणा के जींद जिले में जेजेपी विधायक अमरजीत ढांडा को गांव में बुलाने पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें सात लोग घायल हो गए। इस झगड़े में एक पक्ष के चार तो दूसरे पक्ष के तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।




जानकारी के मुताबिक गांव सिवाहा के सरपंच वेदपाल पक्ष और देवी सिंह पक्ष के लोग बुधवार शाम को आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। यहां तक की गोली भी चलाई गई। जिसमे सरपंच वेदपाल पक्ष के अशोक, कुलविंद्र, राहुल तथा सतीश को चोटें आई। अशोक के कान पर छर्रे लगे हुए थे। जबकि राहुल की टांग टूटी हुई थी। जबकि दूसरा पक्ष के देवी सिंह, सचिन तथा रौनक को चोटें आई। 

दोनों पक्षों के लोगों को सामान्य अस्पताल लाया गया। घटना की सूचना पाकर सिविल लाइन थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ सामान्य अस्पताल पहुंचे और इलाज होने तक लगातार नजर बनाए रखी। बाद में पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस भी सामान्य अस्पताल पहुंची ओर हालातों का जायजा लिया। गांव के सरपंच वेदपाल ने बताया कि उसका भाई अशोक पिल्लूखेड़ा मंडी में आढ़त का कार्य करता है। शाम को अशोक व उसके परिवार के लोग मंडी से गांव लौट रहे थे। दोनों गांव के बीच पहले से घात लगाए बैठे काला ठेकेदार व अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। जिसमें उनके परिवार के चार लोग घायल हो गए। 



उन्होंने बताया कि गत 27 फरवरी को गांव में दादा खेड़ा का भंडारा लगाया गया था। जिसमें विधायक अमरजीत ढांडा भी पहुंचे थे। गायक ने उनकी गुणगान कर दिया, जिससे काला ठेकेदार व उसके साथी खफा थे। मामले को किसान आंदोलन से जोड़कर देखा जा रहा है। जिसमे सत्ता पक्ष के लोगों को कार्यक्रम में न बुलाने का आह्वान किया गया है। 

सामान्य अस्पताल में मौके पर पहुंची डीएसपी पुष्पा खत्री ने बताया की भंडारे पर विधायक को बुलाने के एंगल पर भी जांच की जा रही है और गोलियां चलाए जाने के भी आरोप हैं। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

vinod kumar