बदमाशों के हौंसले बुलंद, बीच बाजार व्यापारी से लूटे 2 लाख, नौकर को मारी गोली

12/14/2020 9:49:37 AM

पटौदी : गुरुग्राम के पटौदी में रविवार को अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यापारी से बदमाशों ने दो लाख रुपए लूट लिए। लूट का विरोध करने पर व्यापारी के नौकर को गोली मारकर आरोपी मौके से फरार हो गए। बीच बाजार में हुई गोलीबारी से आम लोग सकते में आ गए हैं। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता अज्ञात बदमाश हवा में बंदूक लहराते हुए मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। इस बात की पुलिस को सूचना दे दी गई। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल पटौदी से गुडग़ांव रेफर कर दिया गया है। 


पीड़ित की हालत स्थिर बताई जा रही है। सरेआम राह बीच बाजार बंदूक की नोक पर कैश छीनने और गोली बारी के कारण व्यापारियों में खौफ पैदा हो गया है। पटौदी के सुप्रसिद्ध व्यापारी गोयल ट्रंक हाउस के मालिक गोयल अपनी दुकान लगभग 8 बजे बंद कर घर जा रहे थे। दिन भर का लगभग 2 लाख रूपए कैश उन्होंने जैसे ही अपनी स्कूटी की डिग्गी में रखना चाहा तो 2 अज्ञात बदमाश उनके हाथ से बंदूक दिखा थैला छीन भाग निकले। इस दौरान मोहित पुत्र कुंदन जो यहां नौकरी करता है बदमाशों के पीछे दौड़ लिया। अपने पीछे मोहित को दौड़ता देख बदमाशों ने उसको गोली मार दी। बताया जाता है कि गोली उसके पैर में लगी जिसके बाद वह गिर गया और बदमाश एक गली में घुस फरार हो गए।


बीच बाजार दिया घटना को अंजाम, बुलंद हैं हौंसले 
पटौदी में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि इन लोगों ने पटौदी के मुख्य बीच बाजार में इस घटना को अंजाम दिया। बताया जाता है कि घटनास्थल से लगभग 50 गज दूरी पर ही पुलिस की वेन हर समय तैनात रहती है। अचानक हुई गोलीबारी से व्यापारी घबराए हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार वह अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से बदमाशों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
 

Manisha rana