यमुनानगर में हुई बंपर वोटिंग, शादी के जोड़े में मतदान करने पहुंचा दूल्हा बना आकर्षण का केंद्र

10/30/2022 7:56:02 PM

यमुनानगर(सुमित): प्रदेश के 9 जिलों में जिला परिषद और ब्लॉक समिति के लिए सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। यमुनानगर में भी 74 फीसदी से अधिक वोटिंग हुई है। जिले में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान होने के बाद कड़ी सुरक्षा में ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम में रखने के लिए भेजा जा रहा है। शहर के सरस्वती नगर बदनपुरी में 83 नंबर बूथ पर एक दूल्हे ने वोट डाला। उन्होंने कहा कि शादी करने से पहले वे अपने मत का अधिकार करने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे हैं।  

 

 

जिला परिषद के 147 और ब्लॉक समिति के 556 उम्मीदवार मैदान में

 

यमुनानगर में वैसे तो शांतिपूर्वक तरीके से मतदान हुआ, लेकिन एक दो जगह कुछ नारेबाजी भी देखने को मिली। इसी के साथ थाना छप्पर के फतेहपुर बूथ पर एक चुनाव अधिकारी की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। इस सब के बावजूद लोगों ने बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मत के अधिकार का इस्तेमाल कर अपनी पसंद के उम्मीदवार का चयन करने के लिए वोट दिया। चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो चुका है और 27 नवंबर को मतगणना के बाद नतीजों का ऐलान किया जाएगा। यमुनानगर में 669 बूथों पर मतदान हुआ है। जिला परिषद की 18 सीटों पर 147 उम्मीदवार और ब्लॉक समिति की 142 सीटों पर 556 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

Content Writer

Gourav Chouhan