बस ड्राइवर ने 'हलक' तक पहुंची 'मौत' को दी मात

4/11/2017 4:25:08 PM

यमुनानगर(हरिंदर सिंह):जाको राखे साइया मार सके न कोई ये कहावत एक बार फिर सच हुई है यमुनानगर में आज नेशनल हाईवे 73 पर एक बड़ा हादसा होते बच गया। जब चंडीगढ़ से यमुनानगर की तरफ आ रही हरियाणा रोडवेज की चलती बस के बीच बिजली का खम्बा घुस गया और ड्राइवर की सीट को चीरता हुआ आरपार हो गया।

गत दोपहर यमुनानगर डिपो की बस में पोल घुस गया। घटना करीब सवा 12 बजे अंबाला हाईवे स्थित ऊषा कालोनी की है। इससे पहले कुछ दूरी पर रक्षक विहार के नजदीक ड्राइवर ने सवारी उतारी थी। अभी वह चला ही था कि हादसा हो गया। स्ट्रीट लाइट का पोल बस की शो को चीरता हुआ ड्राइवर को बैक सीट को फाड़ता हुआ पीछे तक निकल गया। इस दौरान ड्राइवर की दाईं टांग घायल हो गई। पास के निजी अस्पताल में उसे उपचार दिलाया। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय बस में 60 से अधिक सवारी थीं। बस चंडीगढ़ से यमुनानगर की और आ रही थी। उधर, रोडवेज जी.एम. रविन्द्र पाठक ने मौका किया। उन्होंने बताया कि नगर निगम के खिलाफ केस दर्ज करवाया जाएगा। उनकी लापरवाही से ही हादसा हुआ है। उधर, सूचना पर नगर निगम के अधिकारियों ने दौरा किया। अधिकारियों ने रिपोर्ट में कहा है कि उनके स्तर पर कोई गलती नहीं है। वे हैरान हैं कि पोल हाईवे पर कैसे आ गया। पूर्व में भी इस पोल के बारे कोई शिकायत या सुझाव नहीं आया।

बछड़े की टांग से गिरा पोल
हाईवे पर टायर की दुकान करने वाले एवं प्रत्यक्षदर्शी हरभजन सिंह बिन्नी, महेन्द्र व रणजीत ने बताया कि हादसे से पहले एक बछड़ा विपरीत दिशा से आया। इस दौरान तेज कार से वह डर गया और वापस उसी तरफ जाने लगा। इस दौरान उसकी टांग पोल में फंस गई और पोल हाईवे पर आ गिरा। इतने में ही बस आ गई। स्ट्रीट लाइट का यह पोल बस की शो में जा घुसा। घटना के बाद से सवारियां दहशत में आ गई। अधिकतर सवारियों का कहना था कि रात का समय होता या फिर अंधेरा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। 

अढ़ाई साल से नहीं दिया ध्यान
मौके पर कालोनी के लोग भी पहुंच गए। लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया। उन्होंने बताया कि यह पोल अढ़ाई साल से जर्जर स्थिति में है। समय रहते यदि ध्यान दिया जाता तो आज यह हादसा न होता। कालोनी के कमल, गुरजीत सिंह, मोंटी, राधा कृष्ण व गुलशन कुमार ने बताया कि इस स्थिति से नगर निगम भली भांति अवगत था फिर इस पोल को बदला नहीं गया और न ही मौके से उठाया गया। उन्होंने लापरवाह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भी मौके पर पहुंच पूरी घटना का जायजा लिया। वही यदि समय रहते ब्रेक न लगती तो आज कई लोगों की जान जा सकती थी।