भाजपा को समर्थन देकर जजपा ने किया मतदाताओं के साथ विश्वासघात : शैलजा

10/27/2019 11:08:18 AM

चंडीगढ़ (पांडेय): कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने जजपा के भाजपा को समर्थन देने की कड़ी भत्र्सना करते हुए इसे हरियाणा के मतदाताओं के साथ विश्वासघात बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मतदाताओं ने जननायक जनता पार्टी को जो 10 सीटें दी हैं, वह जजपा के नहीं बल्कि भाजपा विरोधी वोट थे और जजपा द्वारा भाजपा को समर्थन देने से वो सभी वोटर आज ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। जजपा ने भाजपा को समर्थन देकर इन मतदाताओं के साथ कुठाराघात किया है और भाजपा को समर्थन देकर सत्तालोलुपता का परिचय दिया है। 

शैलजा ने कहा कि वोटों की खातिर भाजपा ने हरियाणा के भाईचारे को खराब किया। जनता ने इस साजिश को पहचान कर विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मुंहतोड़ जवाब दिया, परंतु प्रदेश की भोली जनता भाजपा की प्लान बी योजना के तहत जजपा को पहचान नहीं पाई और कई सीटों पर जजपा को वोट देकर जितवा दिया। भाजपा की इस बी टीम जजपा ने चुनाव नतीजे आते ही भाजपा को समर्थन देने में जरा भी देर नहीं लगाई। 

उन्होंने कहा कि जननायक जनता पार्टी ने जनता से कई वायदे किए थे। इनमें बेरोजगारों को 11000 रुपए भत्ता, प्रदेश की नौकरियां 75 प्रतिशत प्रदेश के लोगों के लिए आरक्षित, बुढ़ापा पैंशन 5100 मासिक करने जैसे वायदे शामिल थे। यह सभी वायदे कांग्रेस पार्टी ने भी किए थे। कांग्रेस पार्टी द्वारा सरकार बनते ही सभी वायदे पूरे किए जाने थे। लेकिन जनता के हितों का ख्याल न रखकर जननायक जनता पार्टी ने प्रदेश के मतदाताओं के साथ विश्वासघात किया है।

Isha