किसान मोर्चा के आह्वान, 31 को टोल प्लाजा पर रहेगा 4 घंटे का चक्का जाम

7/16/2022 11:41:05 AM

यमुनानगर : संयुक्त किसान मोर्चा जिला यमुनानगर की बैठक किसान नेता सुभाष गुर्जर की अध्यक्षता में न्यायायिक परिसर जगाधरी में हुई। बैठक में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के सुभाष गुर्जर के अलावा संदीप संखेड़ा, सुभाष हड़तोल, पवन गोयल दामला, अखिल भारतीय किसान सभा से जरनैल सिंह सांगवान प्यारे, लाल तंवर किसान सभा हरियाणा के पदाधिकारी, रामकरण शर्मा, हरभजन सिंह संधू, फकीर चन्द ने भाग लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि संयुक्त  किसान मोर्चा के आवाहन पर 31 जुलाई को शहीद उधम सिंह जयंती के अवसर पर रास्ट्रीय संयुक्त किसान मोर्चा के आहवान पर प्रात: 11 बजे से 3 बजे तक गदौला टोल यमुनानगर पर रोड़ जाम किया जाएगा। 

उससे पहले गांव-गांव  प्रचार करने के लिए टीमों का गठन किया गया और गधौला टोल पर लंगर तथा बैठने के प्रबंध के लिए भी कमेटी का गठन किया गया। किसानों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि प्रधानमंत्री ने 9 दिसंबर 2021 को काले कानून वापस लेने के बाद जो वायदे किए थे। उन पर आज तक कोई कमेटी गठित  नहीं की गई। अभी तक भी किसानों पर दर्ज सभी मुकदमें वापस नहीं लिए गए। सभी फसलों की एम.एस.पी. पर खरीद गारंटी का कानून नहीं बनाया गया। लखीमपुर खीरी में किसानों को गाड़ी से रोंदकर हत्या के लिए जिम्मेदार अजय मिश्र टेनी को मंत्री पद से नहीं हटाया गया है। 

किसान आंदोलन के नेताओं को बदनाम करने के लिए सरकार की तरफ से  झूठा प्रचार किया जा रहा है। अग्निपथ योजना नौजवानों से धोखा है। गुर्जर ने बताया की रोड जाम में किसान नौजवान व सेवानिवृत्त सैनिक भी भाग  लेंगे। उन्होंने सभी किसान मजदूर व्यापारी कर्मचारी सभी समाजिक संगठनों से निवेदन किया कि 31 जुलाई को गधोला टोल पर अपनी फसल और नस्ल को बचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचे।

Content Writer

Isha