दुकान में बुलाकर मासूम से किया दुष्कर्म

4/21/2017 3:09:44 PM

रेवाड़ी (वधवा):एक अधेड़ दुकानदार ने चॉकलेट लेने आई एक 9 साल की मासूम बच्ची को धोखे से दुकान के अंदर ले जाकर दुष्कर्म किया। उसने यह धमकी भी दी कि इस बारे में किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार मयूर विहार में रहने वाली एक 9 साल की बच्ची 17 अपै्रल की शाम को इसी कालोनी में 45 वर्षीय सुभाष यादव निवासी मयूर विहार की दुकान पर चॉकलेट लेने गई थी। सुभाष की उसे अकेला देखकर नीयत खराब हो गई और वह किसी बहाने से उसे दुकान के अंदर ले गया। दुकान में ही उसने एक कमरा बनाया हुआ है। वहां उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया।

दुष्कर्म के बाद जाती हुई बच्ची को उसने धमकी दी कि किसी को बताने पर वह उसे जान से मार देगा। बच्ची बेहद घबरा गई थी और डरी-सहमी घर पहुंची। उसने अपनी मां को भी इस बारे में कुछ नहीं बताया। बच्ची की हालत को देखकर मां को चिंता हुई तो वह उसे डाक्टर के पास ले गई। लेडी डाक्टर ने चैकअप करने के बाद जब मां को दुष्कर्म के बारे में बताया तो उसके पैरों के नीचे से जमीन निकल गई। प्यार से पूछताछ करने पर बच्ची ने सारी घटना का ब्यौरा मां को जब बताया तो उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। जांचकर्ता पुलिस अधिकारी मुनिया देवी ने बताया कि शिकायत मिलने पर बच्ची का मैडीकल करवाया गया और आरोपी सुभाष यादव के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे आज अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।