नेत्रहीन लड़की के मसीहा बने कैप्टन अभिमन्यु, इलाज का उठाया बीड़ा

8/4/2017 4:16:30 PM

रोहतक(दीपक भारद्वाज):प्रदेश के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु नेत्रहीन लड़की के लिए मसीहा से कम नहीं है। वित्तमंत्री की बदौलत ही झज्जर जिले के साल्हावास की रहने वाली नेत्रहीन रचना दोबारा से दुनिया देख पाएगी। आज रचना ने प्रदेश के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु से मदद के लिए मुलाकात की। जिसके बाद वित्तमंत्री ने रोती हुई बेटी के आंसू पोछे और उसे आश्वासन दिया कि उसकी आंख ठीक होने में जितना भी खर्च आएगा वे उठाएंगे। 

बीमारी के चलते गई आंखों की रोशनी
अगस्त 2013 में बीमारी के चलते रचना की आंखों की रोशनी चली गई थी। परिवार की माली हालात ठीक न होने के चलते वह अपना इलाज नहीं करवा पा रही। चेन्नई के शंकर नेत्रालय में उसकी आंखें ठीक हो सकती हैं। जिस पर लगभग 2 लाख रुपए खर्च आएगा। 

कैप्टन अभिमन्यु बने मसीहा
रचना की 5 बहनें हैं, उसके पिता खेती करते हैं। उसके परिवार के पास इलाज के लिए  पैसा नहीं है। जिसके चलते रचना ने सलमान खान से भी मिलने का प्रयास किया। लेकिन वह सफल नहीं हो पाई। आज रचना ने रोहतक के नेकीराम राजकीय महाविद्यालय में कैप्टन अभिमन्यु से मदद मांगी। 

रचना ने किया वित्तमंत्री का धन्यवाद
वित्तमंत्री के आश्वासन के बाद रचना को एक उम्मीद की किरण दिखी है कि वह अब दोबारा से दुनिया देख पाएगी। जिसे लेकर वह कैप्टन अभिमन्यु का धन्यवाद कर रही है। 

वित्तमंत्री ने कहा कि रचना ने उन्हें बताया कि उसकी आंखों का इलाज चेन्नई में संभव है, जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया है कि जो भी खर्च आएगा वे सहयोग करेंगे।