राहुल गांधी केवल हवा बना सकते हैं, काम हम सभी को ही करना होगा : कैप्टन अजय यादव

12/7/2022 7:33:15 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): मिशन 2024 के लक्ष्य को साधने को लेकर पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता कैप्टन अजय यादव ने साफतौर पर सभी नेताओं को संदेश देते हुए कहा है कि अगर हाथ बंद है तो ही मुट्ठी बनती है। जीत का केवल एक ही मूल मंत्र है कि सभी मिलकर पार्टी के लिए काम करें। सभी कार्यकर्ता बूथ संभाले। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी- सोनिया गांधी और खरगे केवल एक दिशा ही हमें प्रदान कर सकते हैं। काम हमें ही करना होगा। राहुल गांधी की "भारत जोड़ो यात्रा" पर जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से राहुल गांधी केवल हवा बना सकते हैं उसको कैसे भुनाना है, यह हमें ही तय करना होगा। इसके लिए ग्राउंड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को काम करना होगा। रीड की हड्डी पार्टी के कार्यकर्ता ही है। एकजुट होकर आगे बढ़ेंगे तो सफल अवश्य होंगे। उन्होंने कहा कि किरण चौधरी बेशक अपना काम कर रही हैं। लेकिन जिसे पार्टी ने अध्यक्ष बनाया, जिसे नेता प्रतिपक्ष बनाया वही पार्टी की मुख्यधारा है और मैं मुख्यधारा के साथ चलने वाला व्यक्ति हूं।

 

 यात्रा के माध्यम से लोकप्रिय जन नेता के रूप में उभरे हैं राहुल गांधी : यादव

 

कैप्टन अजय यादव ने बताया कि वह 6 राज्यों में राहुल की यात्रा के साथ जा चुके हैं। हर जगह महिलाओं- पुरुषों- नौजवानों- बुजुर्गों बल्कि शारीरिक रूप से असमर्थ लोगों की भी भारी भीड़ इस यात्रा में देखने को मिली। जो नफरत की दीवार भारतीय जनता पार्टी ने खड़ी की थी, उसे तोड़ने का काम आज राहुल गांधी कर रहे हैं। महंगाई- बेरोजगारी- भ्रष्टाचार- संवैधानिक संस्थाओं को तोड़ने- निजीकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को राहुल गांधी जोर-शोर से उठा रहे हैं। मीडिया ने जिस प्रकार से राहुल गांधी की इमेज बनाई, उसके विपरीत राहुल गांधी इस यात्रा के माध्यम से एक लोकप्रिय जन नेता के रूप में उभरे हैं। उन्होंने नवनियुक्त प्रभारी के साथ बिताए समय को याद करते हुए बताया कि वह बिहार के चुनाव में और गुजरात यात्रा के दौरान उनके साथ रहे हैं। वह व्यक्तिगत रूप से बेहद अच्छे व्यक्ति हैं और विपक्ष के रूप में भी एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  

 

 

 

 

Content Writer

Gourav Chouhan