खुलासा: लाकडॉउन में भी नहीं थमी हरियाणा सरकार के मंत्रियों की गाड़ी, रेलमपेल चलती रही
9/21/2021 7:06:25 PM
चंडीगढ़ (धरणी): लॉकडाउन में जब लोग घरों के अंदर बंद थे और व्यापार से लेकर लोगों का सब काम धंधा ठप हो गया था, तब भी हरियाणा सरकार की गाड़ी सात माह तक रेलमपेल चलती रही। हरियाणा मंत्रिमंडल के लिए 2021-22 वित्त वर्ष में मुख्यमंत्री के लिए 36, 30657 रुपये प्रति गाड़ी कीमत की चार गाडिय़ों की खरीद हुई, जबकि गृहमंत्री अनिल विज के लिए सबसे महंगी 65 लाख 75 हजार रुपये की मर्सिडीज गाड़ी खरीदी गई। विपक्ष के नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुडा के लिए भी सीएम की तर्ज पर 36, 30657 रुपये कीमत की एक गाड़ी खरीद की गई। लाकडॉउन में किसी का घर से बाहर निकलना व आना जाना बंद था, तब भी मंत्रियों ने हजारों किलोमीटर का सफर तय कर डाला और लाखों का तेल फूंक दिया।
यह खुलासा आरटीआई की जानकारी में हुआ है। स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बृजपाल सिंह परमार ने हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव से जनसूचना अधिकार अधिनियम के तहत 27 जुलाई को सूचना मांगी थी, जिसमें पूछा गया था कि हरियाणा सरकार के मंत्रियों व मुख्यमंत्री एवं अन्य वीआईपी लोगों के लिए कितनी गाडिय़ां खरीदी गई हैं और जनवरी से जुलाई माह तक कितने किलोमीटर गाडिय़ां चली हैं और इनमें कितने रुपये का तेज खर्च आया है?
इसका जवाब सरकार की तरफ से भेजा गया है। जिसमें मुख्यमंत्री के लिए चार गाड़ी, गृहमंत्री के लिए एक मर्सिडीज गाड़ी, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, शिक्षामंत्री कंवरपाल, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, बिजली मंत्री रणजीत सिंह, कृषिमंत्री जेपी दलाल, कोआपरेटिव मंत्री बनवारीलाल, राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव, राज्यमंत्री कमलेश ढांडा, राज्यमंत्री अनूप धानक, राज्यमंत्री संदीप सिंह, विपक्ष का नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुडडा के लिए एक-एक नई गाड़ी की खरीद की गई है। इन गाडिय़ों की खरीद हाल ही में नए वित्त वर्ष के दौरान दर्शाई गई है। अहम बात यह है कि सीएम से लेकर मंत्रियों व राज्यमंत्री की प्रत्येक गाड़ी 36,30657 में खरीदी गई है, जबकि गृहमंत्री अनिल विज की एक गाड़ी 65 लाख 75 हजार में खरीद हुई है, जो सबसे महंगी है।
ये चली सीएम से लेकर मंत्री की जनवरी से जुलाई तक गाड़ी
पद का नाम | किलोमीटर | तेल पर खर्च राशि |
मुख्यमंत्री मनोहरलाल | 20503 | 218114 |
परिवहनमंत्री मूलचंद शर्मा | 88090 | 858527 |
विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता | 51976 | 563572 |
गृहमंत्री अनिल विज | 54260 | 477112 |
शिक्षामंत्री कंवरपाल | 28287 | 879540 |
कृषिमंत्री जेपी दलाल | 27980 | 296968 |
ओमप्रकाश यादव राज्यमंत्री | 116456 | 1155360 |
डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा | 107988 | 1099656 |
बनवारीलाल कोआपरेटिव मंत्री | 42918 | 515224 |
संदीप सिंह राज्यमंत्री | 71814 | 822918 |
रणजीत सिंह बिजली मंत्री | 91952 | 905905 |
अनूप धानक राज्यमंत्री | 83624 | 827800 |
कमलेश ढांडा राज्यमंत्री | 80950 | 863984 |
दुष्यंत सिंह चौटाला डिप्टी सीएम | 27351 | 329617 |