तेज रफ्तार कार ने टोल कर्मियों को रौंदा, दो की मौत

2/19/2024 6:43:28 PM

गुड़गांव, (ब्यूरो): केएमपी एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार ने दो टोल कर्मियों को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक कार सहित फरार हो गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर चालक पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी।

गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।


दरअसल, यूपी के देवरिया निवासी 26 वर्षीय जयकिशन साहनी व आगरा निवासी 26 वर्षीय सोनबीर केएमपी पर फर्रुखनगर के निकट टोल प्लॉजा पर काम करते थे। जिनमें सोनबीर इलेक्ट्रिक मैकेनिक का व जयकिशन क्रेन पर सहायक का काम करते थे। दोनों केएमपी टोल प्लाजा पर काम करते थे। दोनों ही रविवार की देर रात करीब 11.15 बजे एक्सप्रेस-वे के किनारे खड़े होकर किसी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बादली की ओर से आई तेज रफ्तार एक टाटा मेक्सिमो ने दोनों को कुचल दिया। जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे को अंजाम देने के बाद चालक कार सहित फरार हो गया। केएमपी एक्सप्रेस-वे पैट्रोलिंग टीम ने आरोपित का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित फरार हो गया। फर्रुखनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टोलकर्मी भिवानी निवासी दीपक कुमार की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।


मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को घटनास्थल पर एक गाड़ी की नंबर प्लेट मिली है। इसके आधार पर आरोपित की पहचान की जा रही है।

Content Editor

Pawan Kumar Sethi