बोलेरो की हुई कार से टक्कर तो युवकों ने बीच रोड पर की कॉन्स्टेबल की पिटाई

2/16/2018 12:04:36 PM

कुरुक्षेत्र(ब्यूरो): कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड पर देवीलाल चौक के पास कार सवार युवकों ने मामूली कहासुनी पर हरियाणा पुलिस के एक कॉन्स्टेबल के साथ मारपीट की। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को छुटवाया अौर अपने साथ थाने ले गए। जहां कार सवारों ने आरोप लगाया कि कॉन्स्टेबल नशे की हालत में था। हालांकि केस दर्ज न होने के चलते इसमें मेडिकल नहीं हुआ। जिससे उक्त आरोपों की पुष्टि नहीं हो पाई। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।

जानकारी के अनुसार पिहोवा की अोर से विनोद नामक कांस्टेबल बोलेरो कार में आ रहा था। जब वह देवीलाल चौक के पास पहुंचा तो उसकी आगे चल रही स्विफ्ट कार से टक्कर हो गई। जिसके बाद कार सवार युवकों ने कांस्टेबल को पकड़ लिया अौर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बाद में मामूली सी कहासुनी हाथापाई में बदल गई। दोनों पक्षों में हाथापाई होता देख वहां लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलसि ने दोनों पक्षों को अलग किया अौर थाने ले गए। 

विनोद हरियाणा पुलिस में कुरुक्षेत्र लाइन में कार्यरत है। उसने पुलिस में कार सवारों के खिलाफ शिकायत की। विनोद ने आरोप लगाया कि उसके वर्दी में होने के बाद भी उन लोगों ने उसके साथ मारपीट की। उसने कार में जानबूझ कर टक्कर नहीं मारी थी।  कार ड्राइवर ने अचानक से ब्रेक लगाई तो उसकी गाड़ी उसमें जा टकराई। शाहाबाद के रहने वाले कार सवार कुरुक्षेत्र किसी रस्म क्रिया में हिस्सा लेने आए थे। पता चलने पर पूर्व पार्षद विवेक मेहता भी मौके पर पहुंचे। दोनों ही पक्ष विवेक के जानकार थे। जिसके चलते दोनों के बीच समझौता कराया।