रोहिणी कोर्ट के बाहर युवक की हत्या, पत्नी व उसके परिवार पर केस दर्ज

12/8/2017 10:30:37 AM

गोहाना(अरोड़ा):दिल्ली में रोहिणी कोर्ट परिसर के बाहर गोहाना के एस.एस. जैन सभा के अध्यक्ष वेद प्रकाश जैन के छोटे बेटे नितिन जैन की हत्या कर दी। हत्या का आरोप मृतक की पत्नी व उसके परिवार पर लगा है। पोस्टमार्टम अम्बेदकर अस्पताल में हुआ। अंतिम संस्कार अाज गोहाना में होगा। नितिन जैन की शादी दिल्ली की निकिता पुत्री राजेश गुप्ता से हुई थी। दोनों की एक बेटी भी हुई जो वर्तमान में निकिता के पास है। 

नितिन जैन व निकिता में इस समय मनमुटाव चल रहा था। गुजारा भत्ते का केस रोहिणी की फैमिली कोर्ट में जज पिंकी की अदालत में विचाराधीन है। इसी केस की पेशी पर नितिन अपने पिता वेद प्रकाश जैन और बड़े भाई मनीष जैन के साथ गया था। जानकारी के अनुसार गोहाना से रोहिणी पहुंचने के बाद नितिन कार को पार्क करने चला गया जब कि उसके पिता और बड़े भाई कोर्ट में चले गए। वेद प्रकाश जैन ने बताया कि काफी देर तक नितिन अदालत में नहीं पहुंचा, पर उनके समधी राजेश गुप्ता और उनकी बहू निकिता ने कहा कि नितिन का काम तमाम कर दिया है। इस पर पिता-पुत्र घबरा कर बाहर पहुंचे। तब तक नितिन को अम्बेदकर अस्पताल में ले जाया जा चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नितिन पर लोहे की रॉड से सिर पर हमला किया था। 

फैक्टरी के मजदूरों से करवाया हमला : जैन
पिता जैन ने बताया कि यह जानलेवा हमला उनकी बहू निकिता, उसके पिता राजेश गुप्ता और मां किरण गुप्ता ने अपनी फैक्टरी के मजदूरों से करवाया। शाम के समय नितिन का पोस्टमार्टम कर उसका शव परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक के भाई मनीष जैन के अनुसार यह दूसरा मौका था जब नितिन पर जानलेवा हमला हुआ। इससे पहले हमला गोहाना में करवाया गया था और उसका केस स्थानीय अदालत में चल रहा है। मृतक नितिन ने एम.बी.ए. किया हुआ था तथा वह रोहतक में ग्रेनाइट स्टोन का थोक कारोबारी था।