यमुना नदी में खड़ी फसलों पर होगी कुर्क, हरियाणा के किसानों पर यूपी में मामला दर्ज

4/15/2018 8:09:59 PM

पानीपत(अनिल कुमार): यमुना नदी की विवादित भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल को काटने पर विवाद गहरा गया है। विवादित भूमि पर यूपी कैराना प्रशासन द्वारा धारा 145 लगाने के बावजूद इस भूमि पर गेहूं की फसल काटने पर विवाद बढ़ रहा है। यूपी प्रशासन ने कैराना में हरियाणा के किसानों के खिलाफ फसल काटने का मामला दर्ज कर दिया हैं। इस भूमि की सोमवार को यूपी प्रशासन कैराना में कुर्क करने की तैयारी की है।

रविवार को विवािदत भूमि पर खड़ी 55 हेक्टेयर गेहूं की फसल में से 20 हेक्टेयर फसल को काटने पर यूपी कैराना एसडीएम दुष्यंत मौर्य, तहसीलदार राकेश त्यागी, एसीओं राजेश तिवारी, एसएचओं भगवत दयाल, कानूनगो लेखपाल भारी पुलिस प्रशासन बल मौके पर पहुंचा और भूमि व गेहूं की फसल की पैमाईश की। इस दौरान सनौली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हरियाणा के किसानों को आने से रोका गया। 



उत्तर प्रदेश के कैराना के तहसीलदार राकेश त्यागी ने बताया कि यह यमुना के दिक्षित यार्ड के तहत यूपी के रिकार्ड में आती है, मगर इस भूमि पर हरियाणा के गांव रिशपूर के किसान कब्जा कर खेती कर रहे हैं। जबरन गेंहू की फसल काट कर ले गए हैं। इस 55 हेक्टेयर भूमि पर यूपी कैराना प्रशासन ने धारा 145 लगाई है, सोमवार को इस भूमि पर खड़ी फसलों की कुर्क की जाएगी।

उन्होंने बताया कि फसल काटने वाले हरियाणा रिशपूर के किसानों के खिलाफ कैराना थाना में मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही इस भूमि विवाद को लेकर दोनों ओर एसडीएम स्तर के अधिकरियों की बैठक कर मामला हल किया जाएगा।

Shivam