11 करोड़ का गबन, हैफेड ने दो राईस मिलरों पर करवाया मामला दर्ज

3/5/2019 7:13:19 PM

कैथल(जोगिंदर कुंडू): कैथल में हैफैड ने दो राईस मिलरों पर लगभग 11 करोड़ के धान के गबन का मामला दर्ज करवाया गया। हैफेड ने राईस मिलरों को वर्ष 2017 व 2018 में धान सौंपा था, जिसका चावल निकालने के बाद वापस दिया जाना था, लेकिन मिलर्स चावल को खुद ही हड़प गए। अधिकारी नोटिस पर नोटिस भेजते रहे, लेकिन मिलर्स ने किसी नोटिस को गंभीरता से नहीं लिया। विभागीय अधिकारियों को मिलर्स के इरादों की भनक लगी तो पंचकूला में उच्च अधिकारियों को शिकायत भेजी गई। जिसके बाद विभाग ने कैथल एसपी को शिकायत देकर चावल निकालने के लिए धान लेने वाले मिलर व उनके गारंटरों के खिलाफ सिटी थाना में दो अलग-अलग केस दर्ज करवाए हैं।

पहले मामले में हैफेड के मैनेजर वेदपाल मलिक ने बताया कि निगम ने सरकार के नियम के तहत अक्टूबर 2018 में मैसर्ज हरियाणा एग्रो फूड को चावल निकालने के लिए धान दिया था। इसके लिए राईस मिलर्स से लिखित में करार हुआ। राईस मिल को निगम की ओर से 39735 क्विंटल धान सप्लाई किया गया। सप्लाई किए गए धान की कीमत 6 करोड़ 17 लाख 91 हजार रुपए थी। जिसका चावल निकालकर निगम को सौंपा जाना था, लेकिन मिलर्स गुरबचन सिंह ने धोखाधड़ी की और निगम को न चावल वापस किया और न ही धान वापस दी गई। अनुबंध के समय गारंटर बने व्यक्तियों ने भी निगम को धोखाधड़ी से बचाने में कोई सहयोग नहीं दिया। चावल लौटाने के लिए आरोपियों के पास नोटिस भेजे गए, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं आया। 

आरोप है कि हरियाणा एग्रो फूड के मालिक गुरबचन सिंह निवासी राधा स्वामी कॉलोनी कैथल, गारंटर बने अशोक कुमार (फर्म मैसर्ज सत्यपाल अशोक कुमार नई अनाज मंडी कैथल) निवासी एसबीआई रोड कैथल, राजकुमार (फर्म मैसर्ज चिरंजी लाल गौरव कुमार नई अनाज मंडी) निवासी जाखौली अड्डा सरगौधा कॉलोनी, सुशील कुमार (फर्म मैसर्ज किसान राईस लैंड प्राईवेट लिमिटेड) निवासी एसबीआई रोड कैथल, जयभगवान बंसल निवासी ज्योति नगर कुरुक्षेत्र ने हरियाणा राज्य भंडारण निगम के साथ धोखाधड़ी की।

दूसरे मामले में वेदपाल मलिक ने आरोप लगाया कि अक्टूबर 2017 में मैसर्ज रामजी राईस लैंड को 61311 क्विंटल धान चावल निकालने के लिए दिया था, लेकिन वर्ष 2019 तक भी मिल ने हैफेड का चावल निकालकर नहीं दिया। सौंपे गए धान की कीमत पांच करोड़ रुपए से ज्यादा थी। राईस मिलर ने निगम के साथ धोखाधड़ी की, जबकि धान सौंपने से पहले करार हुआ था। आरोप है कि मैसर्ज रामजी राईस लैंड कैथल के एसबीआई रोड निवासी सुशील कुमार, उनके गारंटर अशोक कुमार (फर्म मैसर्ज सत्यपाल अशोक कुमार नई अनाज मंडी कैथल) निवासी एसबीआई रोड कैथल, राजपाल (फर्म मैसेर्ज बाबूराम सतपाल नई अनाज मंडी) निवासी हुडा सेक्टर-19, अशोक कुमार, तरसेम चंद व जयभगवान बंसल निवासी ज्योतिनगर कुरुक्षेत्र ने हैफेड के साथ धोखाधड़ी की।

Shivam