विज के नाम पर जाली ट्वीट करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश में जुटा साइबर सेल

5/10/2021 9:10:27 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा के गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के ट्विटर अकाऊंट के नाम पर जाली ट्वीट करने वाले अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं साइबर क्राइम सेल की टीम मामले की जांच और अपराधियों की तलाश में जुट गई है। मामला चंडीगढ़ के सेक्टर-3 पुलिस स्टेशन में विज के निजी सचिव कृष्ण भारद्वाज की शिकायत पर दर्ज किया गया। पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66 सी (अमेंडिड 2004) व राष्ट्रीय आपदा अधिनियम की धारा 54 के तहत मामला दर्ज किया है।

गौरतलब है कि 6 मई को अनिल विज के ट्विटर अकाऊंट को हैक कर व जाली ट्वीट उनके नाम से किया गया था कि "सोमवार से लॉक डाउन 20 मई तक और बढ़ाया गया"। यह ट्वीट 6 मई को देर शाम 8 बजकर 10 मिनट पर किया गया। वहीं मंत्री विज को जैसे ही यह भनक मिली तो उन्होंने तुरंत डीजीपी हरियाणा को इस पर मुकदमा दर्ज कर साइबर क्राइम करने वाले लोगों के खिलाफ कार्यवाही व मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। 

बता दें कि विज के निजी सचिव की शिकायत पर यह मुकदमा हरियाणा में दर्ज न हो चंडीगढ़ दर्ज हुआ है। प्राप्त संकेतों के अनुसार यह मुकदमा चंडीगढ़ में दर्ज करवाने में हरियाणा पुलिस के आला अधिकारियों के प्रयास भी रहे। इसके पीछे तर्क यह है कि विज बतौर मंत्री हरियाणा सचिवालय में बैठते हैं, इसलिए यह ज्यूरिडिक्शन चंडीगढ़ बनती है। वहीं कानूनी विशेषज्ञ मानते हैं कि यह आपराधिक मामला साइबर क्राइम की धाराओं में हरियाणा के अंबाला में दर्ज होना चाहिए, क्योंकि जो फर्जी ट्वीट में दर्शाया गया है। उस वक्त अनिल विज अपने घर अम्बाला में ही होते हैं। 

ज्यूरिडिक्शन विवाद में न उलझ चंडीगढ़ पुलिस ने यह मामला साइबर क्राइम सेल को हैंड-ओवर कर दिया है। चंडीगढ़ में साइबर क्राइम सेल ऐसे मामलों को तलाशने व अज्ञात अपराधियों तक पहुंचने में महारत रखता है। साइबर क्राइम सेल चंडीगढ़ की विशेष टीम इस रिसर्च में अम्बाला भी पहुंची व तकनीकी रुप से जाली ट्वीट किस लोकेशन से किया गया इसकी तलाश में जुटी है। 
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam