गोली लगने से युवा व्यापारी की मृत्यु का मामला: पुलिस ने नहर से पिस्तौल की बरामद

4/15/2020 12:39:30 PM

टोहाना (वधवा) : गत दिनों हिसार रोड स्थित शहीद मदनलाल ढींगड़ा टाऊन पार्क के पास नहर के कच्चे रास्ते पर गोली लगने से हुई युवक की मृत्यु मामले में छानबीन तेज कर दी है। पुलिस ने गोताखोरों के माध्यम से नहर से अवैध पिस्तौल बरामद की है। ज्ञात रहे नव दुर्गा कालोनी निवासी 24 वर्षीय जयपाल का 20 मार्च को नहर किनारे शव मिला था।

मृतक के भाई सैलेंसर कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। जिसमें मृतक के भाई ने लेनदेन के मामले में हत्या करने की आशंका जताई थी तथा शहर पुलिस द्वारा हत्या का मामला दर्ज किया गया था। उसी कड़ी में नहर से अवैध पिस्तौल मिलने की जानकारी मिली है। जब इस बारे डी.एस.पी. उमेद सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जहां मृतक का शव मिला था। उसी की सीध में ही नहर में अवैध पिस्तौल बरामद हुई है।

मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर 2 के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों से गंभीरता से पूछताछ की गई, लेकिन जांच में उनके खिलाफ कोई अभी तक ठोस सबूत नहीं मिल पाए हैं।

Edited By

Manisha rana