तेल छिड़ककर आग लगाने का मामला: पीड़िता ने 38 दिन बाद पी.जी.आई. में तोड़ा दम

7/29/2020 2:20:00 PM

जुलाना : क्षेत्र के गांव अकालगढ़ में 20 जून को छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवक ने महिला को आग लगा दी थी। परिजनों ने झुलसी महिला को रोहतक पी.जी.आई. में दाखिल करवाया था। पुलिस ने उस युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया था। 38 दिन बाद महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। 

अकालगढ़ निवासी 32 वर्षीय महिला के साथ 20 जून को गांव के ही सोहन ने छेड़छाड़ की थी। विरोध करने पर आरोपी ने महिला को आग लगा दी थी। झुलसी महिला को रोहतक पी.जी.आई. में दाखिल करवाया था। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी सोहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की थी। एक माह बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार को महिला की मौत हो गई। परिजनों ने जुलाना थाना में पहुंचकर पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले में कमजोर धाराएं लगाकर आऱोपी पक्ष के साथ मिलीभगत की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केवल छेड़छाड़ की धारा लगाई है जबकि पीड़िता महिला के बयान पर हत्या व हत्या के प्रयास की धाराएं जोड़ी जानी चाहिए। मंगलवार को सैंकड़ों ग्रामीण जुलाना थाना पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजन पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हुए तो अकालगढ़ गांव में पंचायत ने पुलिस प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की। 

पीड़िता की मौत के बाद उठा 2 बच्चों के सिर से मां का साया
सुसाना गांव निवासी महिला की शादी 18 साल पहले अकालगढ़ गांव निवासी के रामलाल के साथ हुई थी। उसके दो लड़के है। महिला के पति की मौत 5 साल पहले बीमारी के चलते हुई थी। महिला खेती कर अपने बच्चों का पेट पाल रही थी। उसकी मौत के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। 

Edited By

Manisha rana