दुल्हन को गोली मारने का मामला: पीजीआई में हुआ ऑपरेशन, निकाली गई 5 गोलियां

12/3/2021 3:52:05 PM

रोहतक: हरियाणा के रोहतक में कल ससुराल जा रही दुल्हन तनिष्का को बदमाशों ने बीच रास्ते में ही गोली मार दी थी, जिसका ऑपरेशन आज पीजीआई में हुआ। दुल्हन के शरीर से 5 गोलिया निकाली गई। फिलहाल युवती की जान खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बताया गया कि दुल्हन तनिष्का रोहतक के गांव सांपला से विदा होकर आ रही थी। घर पहुंचने से पहले रात करीब 11:30 बजे जब गांव भाली में शिव मंदिर के पास दूल्हा-दुल्हन की गाड़ी पहुंची तो एक इनोवा कार ने ओवरटेक करके गाड़ी रुकवा ली। इनोवा कार से दो युवक नीचे उतरे, जो हाथों में रिवाल्वर लिए हुए थे। एक युवक ने कार की चाबी निकाल ली, इसके बाद दूसरे युवक ने दुल्हन को गोली मार दी। दुल्हन के चेहरे, गर्दन और पेट में गोली लगी है, जिसे रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया गया है। 

आरोप है कि सांपला से पीछा कर रहे युवक साहिल ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गए हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपित साहिल को नामजद व अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। दुल्हन के परिजनों ने कुछ अन्य युवकों पर शक जताया है। फिलहाल रोहतक पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी है।

हरियाणा में बड़ी वारदात: विदा हुई दुल्हन को रास्ता रोककर मारी गोली, पहले भट्टा मालिक से छीनी कार

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Isha