दहेज उत्पीडऩ के आरोप में ससुराल पक्ष के 5 लोगो के खिलाफ मामला दर्ज

8/1/2022 10:27:34 AM

पिहोवा : पुलिस अधीक्षक के आदेश पर शहरी पुलिस ने पिहोवा निवासी एक पीड़ित महिला की शिकायत पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने के आरोप में उसके ससुराल पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस में दर्ज शिकायत में पीड़ित महिला किरण ने कहा कि उसकी शादी 7 अक्तूबर 2019 को पुंडरी के गांव फतेहपुर निवासी व्यक्ति अरुण कुमार के साथ हुई थी। 

शादी में उसके अभिभावकों ने अपनी हैसियत अनुसार दान दहेज दिया था। उसके बावजूद उसका पति अरुण कुमार, सास कलावंती, ननद सुमन, सोनिया व मीनू उसे घर से और अधिक दहेज लाने का दबाव बनाने लगे। जब उसने उनकी मांग को पूरी करने से मना किया तो वे लोग उससे मारपीट  करते थे। 

इस बारे कई बार पंचायतें भी हुई लेकिन वे लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी से पहले उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें बताया था कि उसके पति की पहले भी शादी हो चुकी है। जिसका अब उक्त महिला से तलाक हो चुका है लेकिन ये सब झूठ था,क्योंकि उसके पति का अपनी पहली पत्नी से अभी तक कोई तलाक नहीं हुआ है।

 2 जून 2022 को उसके बेटे का आप्रेशन हुआ था। जिसे देखने के लिए उसके परिवार के सदस्य आए थे। जब वे लोग उसकी ससुराल पहुंचे तो उक्त लोगों ने एक साजिश के तहत उनसे मारपीट करनी शुरू कर दी। जिससे वे लोग घायल हो गए।

 इस दौरान उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी दादी की सोने की चेन व माता की सोने की कान की बालियां भी जबरदस्ती छीन ली थी। तंग आकर उसने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। जिनके आदेश पर शहरी पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर उपरोक्त सभी लोगों के खिलाफ धारा-323,342,406 व 498 ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Content Writer

Isha