पीजीआई रोहतक में मारपीट करने के मामले में बुरे फंसे नवीन जयहिंद, पुलिस ने मामला किया दर्ज

12/14/2022 9:28:04 PM

रोहतक(दीपक): पीजीआई रोहतक में नर्सिंग भर्ती डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान हंगामा करने और डॉक्यूमेंट वेरीफाई कमेटी के चेयरमैन के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पीजीआई थाना पुलिस ने नवीन जयहिंद व सिक्योरिटी गार्ड ईश्वर शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बता दें कि जयहिंद के साथ आए कुछ युवकों ने भी कर्मचारी के साथ बुरी तरह मारपीट की थी। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि पीजीआई परिसर में जमकर लात घूंसे चले थे।

 

 

पुलिस कर्मियों के रोकने से भी नहीं रुके जयहिंद

 

बताया जा रहा है कि नर्सिंग भर्ती डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए डीएमईआर कार्यालय चंडीगढ़ से कुछ कर्मचारी रोहतक पीजीआई पहुंचे हुए थे। इस दौरान आवेदकों की शिकायत मिलने पर नवीन जयहिंद पीजीआई पहुंचे, जहां डॉक्यूमेंट वेरीफाई कमेटी से मिलवाने के लिए सिक्योरिटी ऑफिसर उन्हें अंदर ले गए। बातचीत के दौरान सिक्योरिटी ऑफिसर और चंडीगढ़ डीएमईआर कार्यालय से आए कर्मचारी के बीच कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि सिक्योरिटी ऑफिसर ने कर्मचारी के ऊपर हाथ उठा दिया। इसके बाद गुस्साए कर्मचारी ने भी सिक्योरिटी गार्ड को एक थप्पड़ जड़ दिया। यही नहीं गुस्से से लाल पीले हो चुके नवीन जयहिंद ने भी कर्मचारी के ऊपर हाथ उठा दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मुश्किल से जयहिंद को रोका।

 

 

महिला कर्मचारी लगातार करती रही बीच-बचाव की कोशिश

 

जैसे ही नवीन जयहिंद ने चंडीगढ़ कार्यालय से आए कर्मचारी के ऊपर हाथ उठाया तो उनके साथ आए हुए युवक भी गुंडों की तरह कर्मचारी के ऊपर टूट पड़े। सभी ने मिलकर कर्मचारी के ऊपर हमला बोल दिया। बात इतनी बढ़ गई कि पुलिस ने मुश्किल से स्थिति को संभाला। कर्मचारी के साथ मौजूद महिला कर्मचारी भी लगातार बीच-बचाव की कोशिश करती रही, लेकिन नवीन जयहिंद ने साथी रूकने को तैयार नहीं थे। चंडीगढ़ से आए कर्मचारी ने मुश्किल से कमरे से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। हैरानी की बात यह है कि जब यह सब हुआ तब मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। कर्मचारी के साथ मारपीट करने वाले लोगों का दावा है कि पहले कर्मचारी ने ही सिक्योरिटी गार्ड के साथ बदतमीजी की थी।

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)             

 

 

 

 

Content Writer

Gourav Chouhan