1 करोड़ 14 लाख का घपला करने पर सहकारी समिति के 8 कर्मचारियों पर मामला दर्ज

3/9/2018 11:12:35 AM

डबवाली(ब्यूरो): दी अलीकां प्राथमिक कृषि सहकारी समिति पैक्स अलीकां में 1 करोड़ 14 लाख से अधिक राशि के गबन मामले में लम्बी जांच के बाद आखिरकार 8 कर्मचारियों के खिलाफ सरकारी राशि में घपला करने का मामला दर्ज किया है। इस घपले का खुलासा बीते वर्ष समिति सदस्य गांव मौजगढ़ निवासी सुखदेव सिंह पुत्र जज सिंह ने किया था। सुखदेव सिंह ने सी.एम. विंडो में शिकायत दर्ज करवाकर घपला करने वालों पर कार्रवाई की मांग की थी। 

शहर थाना पुलिस ने इस घपले से जुड़े जिन लोगों पर मामला दर्ज किया है, उनमें सबसे ऊपर प्रबंधक सुभाष चंद्र पुत्र किशन चंद निवासी गांव मौजगढ़ के अलावा मोहन लाल पुत्र घड़सी राम, राजेंद्र कड़वासरा पुत्र राय साहब, सतपाल सिंगला, धर्मवीर पुत्र काशी राम, बीरबल राम पुत्र मनफूल राम, दवेंद्र पारीक पुत्र बाबूलाल पारीक व सुभाष कुमार पुत्र रामप्रताप भांभू शामिल हैं। 

सुखदेव सिंह ने खुलासा किया था कि दी अलीकां पैक्स में 30 जनवरी, 2017 को 20 हजार रुपए 17 जनवरी, 2017 को 30 हजार रुपए 2 फरवरी, 2017 को 30 हजार रुपए व 6 फरवरी, 2017 को 10 हजार रुपए की राशि को कैश बुक की रसीदों में हेरा-फेरी करके जोड़ गलत दिखाकर गबन किया गया है। जिसके बाद मामले की जांच निरीक्षक सहकारी समितियां को सौंपी गई। जांच के दौरान अलीकां पैक्स का रिकार्ड कब्जे में लिया गया। 

जांच में बही से मिलान करने पर सुखदेव सिंह के आरोप सही पाए गए। जांच में सामने आया कि वर्ष 2007 से 2017 तक की रोकड़ बहियों से समिति में प्राप्त नकद राशियों की रसीदों का मिलान किया गया। पैक्स की रोकड बही में प्रबंधक सुभाष चंद्र के कार्यकाल की अवधि में पैक्स की रोकड़ बहियों में हेरा-फेरी करके राशियां जो रोकड़ बही में पैक्स से प्राप्त नकद राशियों की रसीदों के जोड़ को कम दिखाकर रोकड़ बही में दर्ज किया। 

किसानों से अधिक राशि लेकर जमा किए कम
जांच में सामने आया कि इस फर्जीवाड़े को अंजाम देने वाले प्रबंधक सुभाष चंद्र ने समिति को 1 करोड़ 14 लाख से भी अधिक की राशि की हानि पहुंचाई। सुभाष चंद्र ने इस गबन को अंजाम देने के लिए 2 फरवरी 2017 को रसीद संख्या 2,26,233 के अुनसार 56 हजार रुपए किसान दर्शन सिंह पुत्र रण सिंह से खाता संख्या 785 से प्राप्त किए। 

इसके बाद रोकड़ बही में 3 फरवरी को 36 हजार रुपए दर्ज किए गए जबकि 20 हजार की हेरा-फेरी कर ली गई। कुछ इसी तरह अन्य किसान जो राशि यहां जमा कराते उन्हें उस राशि की रसीद दे दी जाती जबकि रोकड़ बही में कम राशि दर्ज की जाती रही। शहर थाना प्रभारी हवा सिंह के मुताबिक पैक्स में 1 करोड़ से अधिक की राशि के घपले के मामले में पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।