छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में CBI ने बुआ-फूफा से की पूछताछ, नोएडा गुरुकुल में इस हालत में मिली थी लाश

12/15/2022 3:23:50 PM

नारनौल : छात्रा की नोएडा स्थित गुरुकुल में संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में सी.बी.आई. की टीम ने बुधवार को नारनौल में मोहल्ला शिवाजी नगर पहुंचकर मृतका की बुआ और फूफा से पूछताछ की। दोनों से लड़की और उसकी मां से जुड़े कुछ सवाल पूछे गए। कुछ दिन पहले सी.बी.आई. ने गांव दौंगडा अहीर में मृतका की मां से भी पूछताछ की थी। सी.बी.आई. यह पता लगाने में जुटी है कि लड़की के साथ कोई अनहोनी तो नहीं हुई।

सी.बी.आई. जांच के लिए हुए प्रदर्शन

मृतका छात्रा के परिजनों सहित क्षेत्र के लोगों ने कई बार धरना प्रदर्शन किया, वहीं गांव दौंगड़ा अहीर में भी कई बार पंचायतें हुई। इसके बाद मामला सी.बी.आई. तक पहुंचा। सी.बी.आई. जांच शुरू होने के बाद गत 11 जुलाई | 2022 को सी.बी.आई. की ओर से एस. जी. ऐश्वर्या भाटी सुप्रीम कोर्ट में उपस्थित हुई थी। भाटी ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश राज्य ० द्वारा सप्ताह पहले ही संबंधित जांच के हिस्से के रूप में कागजात उपलब्ध करवाए हैं।

पहले भी आ चुकी है कई बार टीम

लड़की की मौत के बारे में पूछताछ करने के लिए टीम गत 6 अक्तूबर को नारनौल के सिटी थाना में आई थी। जहां पर टीम ने 3 युवाओं से पूछताछ की थी। यह तीनों युवा चालक हैं और मृतका के पिता के साथ गाड़ी लेकर नोएडा गए थे।

ये था लड़की की मौत का मामला

दौंगडा अहीर गांव की एक लड़की नोएडा स्थित गुरुकुल वेद धाम सोरखा में पढ़ती थी। 3 जुलाई 2020 को गुरुकुल में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका शव फंदे पर लटका मिला था। लड़की की मौत पर आरंभ से ही सवाल खड़े हो रहे थे कि उसकी हत्या की गई है। हरियाणा और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों की पुलिस पर मामले में लीपापोती के आरोप लगे।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)          

Content Writer

Manisha rana