पंचकूला प्लाट आंबटन मामले में CBI कर रही पूर्व CM हुड्डा से पूछताछ
5/8/2017 3:08:17 PM
दिल्ली:हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से पंचकूला प्लाट आंबटन मामले में सीबीआई मुख्यालय में पूछताछ हो रही है। बताया जा रहा है कि हुड्डा के तत्कालीन मुख्य सचिव छत्तर सिंह से भी सी.बी.आई पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि हुड्डा पर पहले ही एजेएल नेशनल हेराल्ड प्लाट आंबटन मामले में सी.बी.आई. ने केस दर्ज कर दिया था। उनके खिलाफ पंचकूला में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एजेएल को भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार ने 2005 में 3,360 स्क्वायर मीटर का एक प्लॉट पंचकूला में अलॉट किया था। उस वक्त उन्हें हरियाणा का सीएम बने हुए 6 महीने ही हुए थे। इतना ही नहीं 2014 में लोकसभा चुनाव से ठीक 2 महीने पहले अगस्त में हुड्डा सरकार ने इस प्लॉट पर बनी 4 मंजिला इमारत को ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट भी जारी किया था। हरियाणा अर्बन डिवेलपमेंट अथॉरिटी के दस्तावेज इसकी तस्दीक करते हैं। हरियाणा पुलिस हेडक्वार्टर के ठीक सामने एजेएल को पंचकूला के सेक्टर-6 में प्लॉट अलॉट किया गया था। हुड्डा के रिकॉर्ड में एजेएल को दिया गया प्लॉट ‘गर्वनमेंट ऑफिस’ कैटेगरी में दर्ज है। अथॉरिटी के मुताबिक जब ये अलॉट किया गया था उस वक्त इस प्रॉपर्टी की वेल्यू 59.3 लाख थी। हालांकि तत्कालीन मुख्य प्रशासक ने स्पष्ट कर दिया कि जमीन को पुरानी दर पर आवंटित नहीं किया जा सकता है। बावजूद इसके हुड्डा ने 2005 में एजेएल को जमीन पुरानी दर पर ही आवंटित कर दी।