साधुअों को नपुंसक बनाने का मामला: जांच के लिए फिर सिरसा डेरा पहुंची CBI

1/15/2018 12:55:11 PM

सिरसा(सतनाम सिंह): साध्वियों के साथ यौन शोषण के मामले में 20 साल की सजा काट रहे डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक तरफ डेरा की गतिविधियां लगभग मंद पड़ गई हैं तो दूसरी ओर सी.बी.आई. ने एक अन्य मामले में फिर से शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। डेरा प्रमुख पर अपने साधुओं को नपुंसक बनाने के लगे आरोपों की तह तक जाने के लिए सी.बी.आई. की विशेष टीम गुरमीत सिंह के पूर्व ड्राइवर खट्टा सिंह को साथ लेकर डेरा सच्चा सौदा पहुंची। इस दौरान टीम ने क्या-क्या बरामद किया, इस बारे में अधिकारियों ने जानकारी देने से मना कर दिया। इतना जरूर कहा कि जांच जारी है। 

घटनाक्रम के अनुसार सी.बी.आई. की खास टीम इंस्पैक्टर अरविंद कुमार व विजय यादव के नेतृत्व में थाना सदर पहुंची। यहां टीम ने आमद दर्ज करवाने के बाद डेरा की ओर रुख किया। टीम के साथ थाना सदर प्रभारी विनोद कुमार, थाना शहर प्रभारी रामसिंह बिश्नोई सहित कई पुलिस अधिकारी व कर्मचारी डेरा पहुंचे। टीम खट्टा सिंह को साथ लेकर पहले पुराने डेरा परिसर पहुंची। यहां से साक्ष्य जुटाने के बाद सभी लोग नए डेरे की ओर गए। गेट नं. 7 से प्रवेश करने के बाद जैसे ही अधिकारी डेरा प्रमुख के आशियाने गुफा में जाने लगे तो वहां मौजूद लोगों ने यह कहते हुए दरवाजे खोलने से इंकार कर दिया कि उनके पास चाबियां नहीं हैं। टीम 45 मिनट तक एंट्री के लिए जुगत भिड़ाती रही, मगर एंट्री की कोशिशें नाकाम हो गईं और गुफा के इर्द-गिर्द बने पार्क वगैरह में ही जाकर कुछ साक्ष्य जुटाने पड़े।

खट्टा सिंह ने सी.बी.आई. को बताया गुफा का रहस्य
सूत्रों के अनुसार पूर्व ड्राइवर खट्टा सिंह ने सी.बी.आई. को गुफा के रहस्य के बारे में जानकारी दी और डेरा के पूर्व साधुओं के बारे में भी ब्यौरा दिया। इसके बाद इंस्पैक्टर अरविंद व विजय यादव सहित सभी अधिकारी रैस्ट हाऊस में आ गए। यहां इंस्पैक्टर अरविंद ने मीडिया को बताया कि उनका काम जांच करना है और वे साधुओं को नपुंसक बनाने के मामले की जांच कर रहे हैं। इस दौरान क्या-क्या मिला है, इस बारे में वे कुछ नहीं बता सकते।