CBSE 12वीं का रिजल्ट आज, 11 लाख विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा

5/28/2017 10:57:29 AM

कैथल:सी.बी.एस.ई. द्वारा 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम आज घोषित किए जाएंगे। इसके साथ ही सी.बी.एस.ई. की ओर से कहा गया है कि मॉडरेशन पॉलिसी पर दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले का पालन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि ये परिणाम 25 मई को जारी किए जाने थे, परंतु मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण परिणाम टाल दिए गए थे। बता दें कि इस साल 12वीं की परीक्षाएं 9 मार्च से 29 अप्रैल  के बीच आयोजित की गई थी जिसमें 10,98,981 विद्यार्थी उपस्थित हुए थे जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.82 फीसदी अधिक थे। 

सी.बी.एस.ई. से प्राप्त जानकारी के अनुसार देश भर में 10,678 केंद्रों पर 12वीं कक्षा की परीक्षाओं का आयोजन किया गया था। इससे पूर्व सी.बी.एस.ई. के 12वीं के नतीजों पर उत्पन्न हुए संशय को लेकर मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने देशभर के विद्यार्थियों को आश्वासन देते हुए कहा था कि फिक्र की बात नहीं है, किसी भी छात्र के साथ नाइंसाफी नहीं होगी।

इस वेबसाइट से जान सकेंगे नतीजे 
-12वीं के नतीजे छात्र वेबसाइट cbse.nic.in और cbseresults.nic.in पर देख सकेंगे।
-उसके बाद cbse 12th result 2017 लिंक पर क्लिक करें।
-इसमें जरूरी जानकारी भरें। इसके बाद सबमिट लिंक पर क्लिक करें।
-क्लिक करते ही आपका रिजल्ट दिखेगा।