अमेरिका में भी हरियाणवी अप्रवासी भारतीयों ने नायब सैनी के मुख्यमंत्री बनने पर मनाया जश्न

3/13/2024 7:48:16 PM

वाशिंगटन (नरेंद्र जोशी): भारत में कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी के हरियाणा राज्य का मुख्यमंत्री बनने पर अप्रवासी भारतीयों में खुशी का माहौल है। विशेषकर हरियाणा के विभिन्न शहरों से आकर अमरीका में बसे हरियाणवी अप्रवासी भारतीयों ने जश्न मनाया। हरियाणा के नरवाना से अमरीका के विख्यात समाजसेवी एवं चिकित्सक डॉ. सुरेश गुप्ता ने तो अमरीका में अपने हरियाणवी साथियों के साथ हरियाणा के नवनियुक्त मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

हरियाणा के ग्रामीण आंचल से जाकर अमरीका में सफल व्यवसायी बन चुके कई लोगों ने तो भारतीय परम्परा के अनुसार यहां मंदिरों में पूजा अर्चना भी की। दुर्गा टैम्पल में प. ओंकार शर्मा  द्वारा पूजन के साथ प्रसाद स्वरूप मिठाई बांटी गई। हरियाणा के गांव गेलाड़ी के अशोक सैनी व पवन सैनी, कैंथल खुर्द के आर्यन सैनी, हरिपुर बड़ाम के अशोक कुमार व पवन ने अपने साथियों का मुंह मीठा करवाकर शुभकामनाएं दी। पंजाब केसरी संवाददाता नरेंद्र जोशी भी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मूल गांव से संबंध रखते हैं तो उन्होंने भी अपने मित्रों के साथ शुभकामनाएं दी।

अमरीका के बॉस्टन में कुरुक्षेत्र से आकर सफल व्यवसाय स्थापित करने वाले जसबीर सैनी ने तो अपने साथियों के साथ कहा कि यह उनकी जन्मभूमि कुरुक्षेत्र के लिए भी गर्व की बात है कि कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सिंह सैनी हरियाणा के मुख्यमंत्री बने हैं। तीर्थ नगरी कुरुक्षेत्र के विकास के लिए नए मार्ग खुलेंगे तथा कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।अमरीका के वाशिंगटन डी.सी. सहित वर्जीनिया, मेरीलैंड, बॉस्टन, न्यूयार्क इत्यादि शहरों में भी नायब सिंह सैनी के मुख्यमंत्री बनने पर ख़ुशी का माहौल है। 

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Saurabh Pal