बुद्धिजीवी सम्मेलन के साथ हुआ जश्न का आगाज

5/28/2018 9:46:45 AM

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के सरकार के 4 साल पूरे होने पर हरियाणा में संगठन द्वारा रविवार से विशेष संपर्क अभियान के माध्यम से जश्न का आगाज कर दिया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने गुरुग्राम में बुद्धिजीवी सम्मेलन में शिरकत की तथा केंद्र सरकार की योजनाओं से बदलती देश की तस्वीर पेश की।

भाजपा हरियाणा केंद्र सरकार के उपलब्धियों से भरे 4 साल को बेहतरीन तरीके से आमजन के बीच लेकर जाएगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया ने बताया कि प्रदेश में विशेष संपर्क अभियान के तहत कार्यक्रमों की शृंखला का खाका तैयार किया गया है।

उन्होंने बताया कि तय कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री, सांसद, प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, प्रदेश पदाधिकारी, बोर्ड-निगम चेयरमैन एवं प्रमुख कार्यकर्ता 25-25 बुद्धिजीवियों के साथ संपर्क स्थापित करेंगे तथा केंद्र सरकार की अंत्योदय भावना और सबका साथ-सबका विकास तर्ज पर विकास की अवधारणा को मजबूत करेंगे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया ने बताया कि 1 जून को प्रदेशभर में समरसता संपर्क अभियान चलाया जाएगा, जबकि 2 जून से 3 जून तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पत्रकार वार्ता, वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क, बुद्धिजीवी सम्मेलनों का आयोजन तथा 3 जून को स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जाएगा।

इसके बाद 4 से 9 जून तक विभिन्न क्षेत्रों में विभिन्न योजनाओ के लाभार्थियों के सम्मेलन, 6 से 8 जून तक मोटरसाइकिल यात्राओं के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ-साथ 9 से 11 जून तक बूथ संपर्क अभियान का संचालन होगा, ताकि अधिक से अधिक आमजन को पार्टी नीतियों के बारे में जानकारी दी जा सके।

Rakhi Yadav