केंद्र व प्रदेश की सत्ता में बैठे लोग किसानों के हितेषी नहीं लुटेरे हैं : अभय चौटाला

9/25/2020 8:31:27 AM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : इनेलो के प्रधान महासचिव व विधायक अभय सिंह चौटाला का कहना है कि केंद्र व प्रदेश की सरकार किसानों की हितैषी नहीं बल्कि लुटेरों का गिरोह है। किसानों के खिलाफ तीन अध्यादेश लोकसभा व राज्यसभा में पास करके उन्हें सड़कों पर आने को मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि इनेलो का एक-एक कार्यकर्ता इस बिल को रद्द करवाने की मांग को लेकर तब तक चैन से नहीं बैठेगा जब तक इस बिल को वापस नहीं लिया जाता। 

यमुनानगर की अनाज मंडी में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि यह काला कानून देश व प्रदेश के लाखों किसानों को भारी नुकसान पहुंचाने वाला है जिसको रद्द करवाने के लिए किसान एकजुट होकर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह गूंगी बहरी सरकार किसी की सुनने वाली नहीं है। लेकिन इनेलो कार्यकर्ता इस सरकार को झुका कर रहेंगे ।उन्होंने कहा कि किसानों की धान सड़कों पर बिखरी पड़ी है सरकार के खरीदने के कोई इंतजाम नहीं है। पहले कहा गया था कि 25 सितंबर से खरीद शुरू करेंगे लेकिन अब 1 अक्टूबर से शुरू करने की बात की जा रही है।

उन्होंने कहा कि अगर इस समय बारिश आ गई तो इससे किसानों को नुकसान होगा। सरकार को चाहिए कि वह गांव गांव जाकर किसान की धान खरीदी जाए। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल ने किसानों के मुद्दे पर कई पद त्याग दिए थे। लेकिन सत्ता में बैठे रंजीत सिंह और दुष्यंत चौटाला सत्ता के लालच में चौधरी देवीलाल की नीतियों पर कुठाराघात कर रहे हैं। चौटाला ने कहा कि विभिन्न किसान संगठनों द्वारा किए गए 25 सितंबर के देशव्यापी बंद में इनेलो कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।

Manisha rana