केंद्र सरकार ने किसानों से किए गए वादे को नहीं किया पूरा: राकेश टिकैत

10/17/2023 6:23:19 PM

कुरुक्षेत्र (रणदीप): भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत सोमवार को लाडवा-पिपली मार्ग पर एक निजी पैलेस में किसान नेता बलजीत सिंह के बेटे की शादी में शिरकत करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के साथ धोखा कर किसान आंदोलन तो खत्म करवा दिया था, परंतु उसके बाद अभी तक किसानों के साथ किया हुआ कोई भी वादा पूरा नहीं किया।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से भाजपा सरकार ने पूरे देश में पन्ना प्रमुख अभियान चलाया हुआ है। उसी प्रकार भारतीय किसान यूनियन की ओर से ट्रैक्टर प्रमुख अभियान की शुरुआत की गई है। जिसके तहत पूरे देश भर में किसानों के पास एक ऐसा वाहन है, जो सभी के पास नजर आता है। इसलिए पन्ना प्रमुख की तर्ज पर ट्रैक्टर प्रमुख अभियान चलाया गया है। जिसको पूरे देश में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर प्रमुख अभियान चलाने का मुख्य उद्देश्य अभी नहीं बता सकते। यह एक रणनीति के तहत चलाया गया है। जब आवश्यकता होगी तब इसके बारे में बताएं कि ट्रैक्टर प्रमुख अभियान किस लिए शुरू किया गया है।

उन्होंने कहा कि आज किसानों की धान की फसल कौड़ियों के भाव बिक रही है। जिसके कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह मौजूदा केन्द्र व राज्य सरकार केवल पूंजी पतियों की सरकार बनकर रह गई है और पूंजी पतियों को ही फायदा पहुंचाने के लिए किसानों का शोषण करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि आज डीएपी खाद के लिए किसानों को दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही है। परंतु उसके बावजूद भी किसानों को अपनी फसलों में डालने के लिए डीएपी खाद नहीं मिल रहा है।  उन्होंने कहा कि जिन पांच राज्यों में अब आगामी दिनों में चुनाव होने हैं उनमें किसान अपनी वोट की चोट से मौजूदा केन्द्र व राज्य सरकार को बता देगी कि किस की वोट में कितना दम होता है। 

                              (हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
                              (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

 

Content Editor

Ajay Kumar Sharma