केंद्र सरकार को कृषि कानून निरस्त कर किसानों को नववर्ष की देनी चाहिए सौगात: कु.शैलजा

12/31/2020 9:22:02 AM

चंडीगढ़ : केंद्र की भाजपा सरकार को तीनों काले कृषि कानूनों को निरस्त कर किसानों को नए साल की सौगात देनी चाहिए। सरकार के पास नई शुरूआत का मौका है। किसान आंदोलन में अकेले हरियाणा से 10 से ज्यादा किसान अपनी जान गंवा चुके हैं। सरकार मृतकों के परिवारों को मुआवजा और नौकरी दे। यह बात हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रैस वार्ता को संबोधित करते हुए कही। उनके साथ उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी मौजूद थे।

शैलजा ने कहा कि केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकारें जनता के बीच विश्वास खो चुकी हैं। हरियाणा की सरकार किसानों की बात नहीं सुन रही है। बेहतर होता कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल एक प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रधानमंत्री से मुलाकात करते और उन्हें जमीनी स्थिति से अवगत करवाते। मुख्यमंत्री हरियाणा के किसान, मजदूर की पीड़ा को प्रधानमंत्री को बताते, उनको समझने की कोशिश करते। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार में शामिल विधायक आज के दिन समय-समय पर अपने आपको किसानों के साथ जुड़ता हुआ दिखा रहे हैं, लेकिन ये सरकार उनकी भी नहीं सुन रही है।


 

Manisha rana