खास बातचीत में बोले चंद्र मोहन बिश्नोई, BJP ने हजकां की पीठ में छुरा घोंप दिया धोखा(Video)

4/19/2018 10:42:48 AM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा जनहित कांग्रेस की बदौलत बीजेपी सत्ता में है, भाजपा ने हजकां की पीठ में छुरा घोंपकर धोखा दिया है। ये बात हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री व कालका विधानसभा से 4 बार विधायक रहे चंद्र मोहन बिश्नोई ने कही। उन्होंने कहा कि कुलदीप बिश्नोई को जन भावनाओं के अनुरुप् कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष बना राहुल गांधी को भजनलाल परिवार को पूरा मान सम्मान देना चाहिए। पंजाब केसरी प्रतिनिधि चंद्रशेखर धरणी से एक्सक्ल्युसिव बातचीत में बिश्नोई ने पहली बार पत्ते खोले व कहा कि वह अगले विधानसभा चुनाव पंचकूला या कालका में से एक सीट पर लड़ेंगे। गौरतलब है पिछले चुनाव उन्होंने हजका में रहते नलवा से लड़े थे। चंद्र मोहन 4 बार कालका से उस वक्त विधायक रहें हैं जब पंचकूला व कालका विधानसभा एक ही सीट हुआ करती थी। चंद्र मोहन पूर्व दिवंगत मुख्यमंत्री भजनलाल के ज्येष्ठ पुत्र हैं अौर कुलदीप बिश्नोई इनके छोटे भाई हैं।

चंद्र मोहन से हुई बातचीत के प्रमुख अंश:
कभी आप राजनीति में बहुत सक्रिय रहे, अब आलोप क्यों हैं?

ऐसा कुछ नहीं है, मेरा जनसंपर्क लगातार चलता है। एक मई से मैं कालका व पंचकूला के अंदर हर गली, मोहल्ले, बस्ती, बाजारों में पहले की तरह सक्रिय रहूंगा।

आप डिप्टी सीएम व 4 बार विधायक रहे, अब कहां से चुनाव लड़ेंगे?
किसी भी इंसान को अपनी दोनों आंखों में से कौन सी प्रिय है का जवाब किसी के पास नहीं होता। अगले चुनाव में कालका या पंचकूला में किसी एक सीट से लड़ूंगा। सेवा दोनों की करूंगा। विधानसभा की बदौलत मैंं पहले डिप्टी सीएम व 4 बार विधायक बना।

कांग्रेस में जितनी धड़ेबाजी है, तंवर, हुड्डा, शैलजा यह पार्टी को किस तरफ ले जा रही हैं? 
कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है, जब चुनाव आएंगे तो यह सभी चेहरे एक मंच पर नजर आएंगे। अपने-अपने तरीके से अपनी बात रखने का सब को अधिकार है। लोगों को यह धड़ेबाजी लग सकती है मगर राजनीतिक सोच रखने वाले सब समझते हैं। सब नदियां आखिर में जाकर एक समुंदर में मिलती है जिसको कांग्रेस कहते हैं। कांग्रेस के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के चमत्कारी नेतृत्व में नि:संदेह कांग्रेस देश व प्रदेश में संगठित व सबल हो रही है।

अगले चुनावों में हरियाणा में कांग्रेस को किस नम्बर पर देखते हैं, लीडरशिप किसकी होगी?
निश्चित रूप से कांग्रेस अगली बार 65-70 सीटें जीतेगी। लीडरशिप का निर्णय आलाकमान करेगी। जन भावनाअों को नजर अंदाज नहीं किया जाना चाहिए। जन भावनाएं नि:संदेह भजनलाल परिवार के प्रति हैं।

कांग्रेस गठबंधन में बदलाव होता है तो क्या कोई दावा है?
जन भावनाअों के अनुरूप कुलदीप बिश्नोई को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद मिलना चाहिए। वह किसी के पक्ष में या खिलाफ नहीं हैं। अशोक तंवर मेहनत कर रहे हैं मगर वह उन लोगों को आज तक नहीं जोड़ पाए जो समाज, बिरादरी, संगठनों में हैसियत रखते हों।

बीजेपी सरकार की कार्यप्रणाली व हरियाणा सर्विस सलेक्शन कमीशन में नौकरी का खेल धनबल पर क्या कहेंगे?
बीजेपी हर फ्रंट पर फैला है, कानून व्यवस्था चौपट है, डिवेलपमेंट ज़ीरो है। बीजेपी ने  सिवाय जातिवाद का जहर घोलने के कुछ नहीं किया है। यह केवल धर्म की राजनीति करते हैं। हरियाणा सर्विस सलेक्शन कमीशन में जो हुआ के आधार पर सीएम को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए मगर बीजेपी में नैतिकता कहां है। सीएम फ्लाइंग स्क्वायट सीएम के नीचे ही काम करती है। इस मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज या सीबीआई से होनी चाहिए।

हुड्डा के खिलाफ एक चार्जशीट अदालत में है, कई मामले सीबीआई व विजिलेंस जांच के दायरे में हैं, इसके बार में आपकी क्या राय है?
कानून अपने हिसाब से काम करेगा। वह किसी के कहने से नहीं चलता। जो निर्दोष होगा वह निर्दोष ही साबित होगा।

बीजेपी ने सत्ता में आने से पूर्व राम रहीम व रामपाल की मदद ली, वह सब जेल की सलाखों के पीछे हैं, उसके बारे में आपका क्या कहना है?
बीजेपी हरियाणा में आज जो सत्ता में है वह हरियाणा जनहित कांग्रेस की बदौलत है।कुलदीप बिश्नोई व हजका टीम की मेहनत से जो माहौल बना, बीजपी ने हजका की पीठ में छुरा घोंपकर विश्वासघात किया है। यह हमें धोखा देकर सत्ता में पहुंचे। बीजेपी की फितरत ही धोखा देने की है, हमेशा बीजेपी ने धोखा किया है। जिस जनता ने इसे चुना उस जनता को नोट बंदी, जीएसटी व अन्य तरीकों से धोखा दिया। इन्होंने देश को बर्बाद करने की कसम खा रखी है। MODI का मतलब
M  मॉडल   
O  ऑफ
D डिस्ट्रक्टिव
I  इंडिया
है। उसी दिशा में भाई को भाई से लड़ाया जा रहा है।

इनेलो एसवाईएल पर 1 मई से जेल भरो आंदोलन करने जा रही हैं इस पर आपका क्या कहना है?
एसवाईएल मुद्दे पर यह ऑन रिकॉर्ड है कि जितना काम मुख्यमंत्री रहते उनके स्वर्गीय पिता चौधरी भजनलाल ने किया किसी अन्य ने नहीं किया। इनेलो अगले चुनावों में केवल सिरसा की एक दो सीटों तक सीमित रह जाएगी।

क्या आप पंचकूला डिवेलपमेंट से सन्तुष्ट हैं?
कालका पंचकूला का जो कार्य मेने भजनलाल शासनकाल में करवाया उस वक्त हुए कामों पर आज तक जितनी भी सरकारें व विधायक बने रंग-रोगन भी नहीं करवा पाए।मोरनी हिल्स के लोगों को मालिकाना हक आज तक कोई नहीं दिलवा पाया। यहां मेडिकल कॉलेज की बात पूरी नहीं हो सकी।

केजरीवाल हरियाणा में रैलियां व रोड शो कर रहे हैं, इस पर आप क्या कहना चाहते हैं?
इससे क्या फर्क पड़ता है जनता वही करती है जो मन बना लें। बीजेपी के सांसद राजकुमार सैनी भी अलग पार्टी बनाने जा रहें हैं। जनता बहुत समझदार है, इनकी असलियत जानती है। जनभावनाएं हैं कि भजनलाल परिवार को पूरा मान सम्मान मिलना चाहिए अौर वह जल्दी पूरा होगा।
 

Nisha Bhardwaj