शाह से मुलाकात में CM को मिली हरी झंडी, 2 मंत्रियों की छुट्टी तय

1/18/2018 9:41:32 AM

चंडीगढ़ (बंसल/ पांडेय): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को मंत्रिमंडल फेरबदल की हरी झंडी मिल गई है। सूत्रों की मानें तो इस फेरबदल में 2 वरिष्ठ मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है जबकि उनके स्थान पर 2 नए चेहरे मंत्रिमंडल का हिस्सा हो सकते हैं। सूत्र बताते हैं कि यह फेरबदल कभी भी हो सकता है। इस फेरबदल में सिख चेहरे के तौर पर असंध के विधायक बख्शीश सिंह को जगह मिल सकती है। इसके अलावा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला को भी खट्टर कैबिनेट में जगह मिलने की चर्चाएं हैं। 

बताया गया कि मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर गत शाम को पार्टी प्रभारी अनिल जैन के साथ मुख्यमंत्री की दिल्ली में हुई मीटिंग में भी चर्चा हुई थी। हरियाणा में अचानक बढ़ी आपराधिक व राजनीतिक गतिविधियों के बीच बुधवार सुबह मुख्यमंत्री ने अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की। करीब आधे घंटे तक चली इस मुलाकात के बारे में बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश में अब तक हुई आपराधिक घटनाओं में मामले में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई तथा सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी। 

अमित शाह प्रशासनिक अमले की ढीली कार्यशैली से खासे नाराज हैं। केंद्रीय गृह सचिव ने भी हरियाणा के गृह सचिव से फोन पर बात की थी। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने शाह से हरियाणा दौरे के बारे भी चर्चा की। शाह से मुलाकात करने से पहले मुख्यमंत्री ने दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में आई.जी. सी.आई.डी. तथा अन्य आला पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।