राई स्पोर्ट्स स्कूल में घोटाला मामला, अशोक खेमका करेंगे जांच

4/27/2017 11:15:09 PM

चंडीगढ़ (धरणी):राई स्पोर्ट्स स्कूल की अनियमितताओं व शिकायतों की जांच हरियाणा सरकार के वरिष्ठ आई.ए.एस अधिकारी अशोक खेमका करेंगे। स्वास्थ्य व खेल मंत्री अनिल विज ने राई स्पोर्ट्स स्कूल के सामान की हेरा फेरी व अन्य शिकायतों की जांच के लिए मुख्यमंत्री मनोहरलाल से 15 दिन पूर्व कहा था। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी तुरंत कोठी पर मौजूद अपने एक ओ.एस.डी. जो खेल विभाग देखते हैं की ड्यूटी लगाई की इस मामले की तुरंत जांच वरिष्ठ आई.ए.एस अधिकारी अशोक खेमका को दी जाए। कोठी पर तैनात ओ.एस.डी के द्वारा 15 दिनों में भी यह जांच के आदेश नहीं होने पर स्वास्थय व खेल मंत्री अनिल विज ने वीरवार को अपने स्टाफ से सारा मामला चेक करवाया व ओ.एस.डी से खुद भी बात की। सूत्रों का कहना है कि ओ.एस.डी ने कहा कि जिस शिकायत को उन्होंने सी.एम. के आदेशों के साथ नियुक्त जांच अधिकारी के पास भेजना है वह उनके पास नहीं हैं। विज ने तुरंत ऑफिस कॉपी सी.एम के ओ.एस.डी के पास भिजवा कर देर शाम आदेश जारी करवाए।

स्वस्थ व खेल मंत्री अनिल विज का कहना है कि उन्हें दो पक्षों की लगातार शिकायतें मिल रही थी। अब इस जांच में दूध का दूध व पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि राई स्पोर्ट्स स्कूल अपनी खोई प्रतिष्ठा प्राप्त कर सके उनका यही लक्ष्य है।