दरिंदों को कानून का कोई भय नहीं, आरोपियों को मिले मृत्युदंड: दुग्गल

1/22/2018 1:14:34 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा अनुसूचित जाति व वित्त एवं विकास निगम की अध्यक्षा सुनीता दुग्गल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखकर प्रदेश में नाबालिगों के साथ दुष्कर्म मामले में अपराधियों को मृत्युदंड दिए जाने का प्रावधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दिल्ली के निर्भया कांड के बाद यौन हिंसा रोकने के लिए जो कानून बनाए गए वह प्रभावी नहीं रहे। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में 5 रेप की घटनाएं घटीं। इन घटनाओं से पता चलता है कि इन दरिंदों को कानून का कोई भय नहीं है। 

सुनीता दुग्गल ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा चलाया जा रहा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान तभी सफल माना जाएगा जब प्रदेश में सभी वर्गों की बालिकाओं को पूर्ण रूप से सुरक्षा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भी नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म करने वालों को मृत्युदंड दिए जाने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार से मांग की कि आने वाले विधानसभा सत्र में इस कानून को पास करवाया जाए ताकि प्रदेश में हो रही ऐसी घटनाओं पर नियंत्रण लग सके।