चंडीगढ़ छेड़छाड़ मामला: पेपर देने हिसार पहुंचा आरोपी आशीष

12/16/2017 12:19:20 PM

हिसार: चंडीगढ़ में आई.ए.एस. अधिकारी की पुत्री के साथ अपहरण के प्रयास और छेड़छाड़ के मामले में आरोपी आशीष ने यहां जाट कॉलेज में पुलिस सुरक्षा में परीक्षा दी। चंडीगढ़ पुलिस उसे यहां लाई थी। इस दौरान उसके कुछ दोस्तों ने मुलाकात करने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से भगा दिया। गौरतलब है कि चंडीगढ़ पुलिस ने पिछले दिनों आई.ए.एस. अधिकारी की पुत्री के साथ अपहरण के प्रयास व छेड़छाड़ के मामले में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के पुत्र विकास बराला व उसके साथ आशीष को पकड़ा था।

आशीष यहां सी.आर.लॉ कालेज का एलएल.बी. का स्टूडैंट था। फाइनल में 5 समैस्टर में से 2 पेपरों में कम्पार्टमैंट थी। क्रीमिनोलॉजी विषय का रि-अपीयर पेपर था। यह परीक्षा देने के लिए पिछले दिनों आशीष ने अदालत से अनुमति ली थी। अदालत के आदेशानुसार उसे यहां लाया गया। चंडीगढ़ पुलिस की सुरक्षा में यहां पहुंचे आशीष करीब पौने 2 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचा। 

5 दिसम्बर को भी आया था पेपर देने
पेपर करीब 15 मिनट देरी से शुरू होने के कारण परीक्षा सवा 5 बजे खत्म होने के बाद आशीष को चंडीगढ़ पुलिस अपनी गाड़ी में वापस ले गई। ज्ञात रहे कि आशीष इससे पहले 5 दिसम्बर को भी पेपर देने के लिए आया था।