पूछताछ में फर्जी लेफ्टिनेंट ने खोले राज, पी.ए. व चालक की तलाश शुरू

6/18/2018 2:08:51 PM

चरखी दादरी(पंकेस): फर्जी लेफ्टिनेंट मामले में पुलिस को अहम जानकारियां मिलने लगी हैं जिससे अब जल्द ही काफी रहस्य उजागर होने की सम्भावना है। पुलिस ने 2 दिन के रिमांड के दौरान पूछताछ की तो फर्जी लेफ्टिनेंट ने अनेक राज उगले। महेंद्रगढ़ के गांव शोभापुर निवासी फर्जी लेफ्टिनेंट अमित शर्मा ने अपने गांव से लेकर ससुराल तक काफी रुतबा बना रखा था। वह सेना की वर्दी पहनकर जहां भी जाता लोग उसकी पूरी तिमारदारी करते और अपने बच्चों को सेना में भर्ती करवाने का आग्रह करते जिस पर अमित उनसे सीधे बात करने की बजाय अपने पी.ए. व ड्राइवर से मिलने की बात कहता। 

पुलिस ने अमित की पूछताछ के बाद निहाल नामक पी.ए. व चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, अमित के दिल्ली स्थित मकान से पुलिस ने लैटर व मोहर भी बरामद की है। बताया जा रहा है कि फर्जी लेफ्टिनेंट अमित शर्मा युवाओं से सेना में भर्ती करवाने की एवज में मोटी राशि वसूलता था। इसके बाद जो भी पहले पैसे देता उसका कुछ ही दिनों में फर्जी कॉल लैटर भेज दिया जाता था। उसके बाद किसी न किसी प्रकार का बहाना बनाकर भर्ती रद्द होने की बात कहता था। यहां सामने आया है कि अमित शर्मा ने फर्जी लेफ्टिनेंट बनकर नीमराना से करीब दर्जनभर युवाओं से भर्ती करवाने के नाम पर राशि ली हुई थी।
 
एक वर्ष से बना हुआ था आर्मी अफसर
सिटी पुलिस थाना प्रभारी गौरव शर्मा ने बताया कि आरोपित अमित से पूछताछ की जा रही है। उसके सम्पर्क काफी खास लोगों से जुड़े होने का अंदाजा है। वह पिछले एक वर्ष से फर्जी आर्मी अफसर बना हुआ था। उससे कुछ अन्य जानकारी भी हासिल हुई है जिनकी सत्यता का पता लगाया जा रहा है।  

Nisha Bhardwaj