चरखी दादरी गैंगरेप मामले में छात्रा की हालत बिगड़ी, आरोपी ने कबूला जुर्म

1/20/2018 10:27:15 AM

चरखी दादरी(ब्यूरो): गांव मानकावास निवासी कक्षा 12वीं की छात्रा से गैंगरेप मामले में पुलिस ने गांव के ही किशोर छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दुकान में छात्रा से दुष्कर्म की बात कबूली है। वहीं, दादरी में पुलिस व लीगल सलाहकार के सवालों का जवाब देने के दौरान पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए भिवानी के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

शुक्रवार को हरियाणा महिला आयोग की 2 सदस्यीय टीम ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का हालचाल जाना और उसके परिजनों से मुलाकात की। बाद में आयोग की दोनों सदस्यों ने सी.एम.ओ. से पीड़िता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। वहीं, पुलिस अधिकारियों से बात करने के लिए टीम महिला थाने पहुंची। आयोग की सदस्य सुमन बेदी व इंदु यादव ने कहा कि पुलिस समय रहते कार्रवाई करे तो महिलाओं पर बढ़ रही दुष्कर्म व छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लग सकता है। उन्होंने कहा कि नाबालिगा से दुष्कर्म के आरोपी को फांसी की सजा का प्रावधान कानून में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं से उत्पीड़न व दुष्कर्म के मामलों की सुनवाई भी फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से होनी चाहिए।