चौटाला के वोट बैंक पर टिकी हुड्डा खेमे की नजर

5/29/2017 7:38:24 AM

हिसार (सर्वेश कुकरा):कांग्रेस का भूपेंद्र सिंह हुड्डा खेमा अब चौटाला के वोट बैंक में सेंध लगाना चाहता है। सत्ता परिवर्तन रैली के जरिये खास रणनीति के तहत चौटाला के वोट बैंक को अपनी तरफ खिसकाने का प्रयास किया जा रहा है। रविवार को यहां राजली में आयोजित रैली में भी एक विशेष लक्ष्य के तहत सरकार से ज्यादा चौटाला पर तंज कसे गए। लोगों को चौटाला की जेल और कुर्सी से दूरी का वास्ता देकर हुड्डा के पीछे लगने का आह्वान किया गया। 

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सिपहसालार पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने उनके लिए मैदान तैयार करने का प्रयास किया। शर्मा ने कहा कि चौटाला का हाल हमसे पूछ लो। शर्मा ने कहा चूंकि वे ब्राह्मण हैं लिहाजा जानते हैं कि चौटाला की राशि के छठे घर में शनि चल रहा है। साढ़े 11 साल और रहेगा। पब्लिक से कहा कि किसी को पतरा देखना आता हो तो देख लेना। शनि के चलते कुर्सी के चारों ओर चक्कर तो काट सकता है, लेकिन कुर्सी पर बैठने नहीं देगा। 

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि लोगों ने पूर्व की चौटाला सरकार का कामकाज भी देख लिया और अब कांग्रेस के बाद भाजपा भी देख ली। अब जनता को तोलना है कि किसका काम पसंद आया। हुड्डा ने कहा कि लोगों का साथ मिला तो इस बदला व बदली की सरकार को झुकने पर मजबूर कर देंगे।

‘देखने हम भी पहुंचे पर तमाशा न हुआ’
कुलदीप शर्मा ने इस शेर के साथ अपनी बात शुरू की कि ‘हवा गर्म थी कि गालिब के उड़ेंगे पुर्जे, देखने हम भी पहुंचे पर तमाशा न हुआ’। उन्होंने कहा कि भाषण से कोई राशन नहीं मिलेगा। मोदी सिर्फ भाषण देते है। 3 साल से केवल भाषण ही सुनाई दे रहे है। टी.वी. बंद कर दें तब भी मोदी का भाषण सुनाई देता है। रैली के दौरान कुलदीप शर्मा ने कुछ ऐसे बोल भी बोले जिनसे तालियां तो मिली लेकिन भाषा पर सवाल उठने लाजिमी है। उन्होंने कहा कि 3 साल से प्रदेश में मनोहरलाल मुख्यमंत्री है। सिर्फ महाभारत हो रही है। इस धृतराष्ट्र से पूछो, आपने किया क्या है। सी.एम. कहते हैं मैने गियर लगा दिया। उन्होंने आगे का लगाने बजाय पीछे का गियर लगा दिया है।