चौटाला की रिहाई से खुला हरियाणा में इनेलो की सरकार का रास्ता: अशोक जैन

7/20/2021 11:40:26 AM

कैथल (अजय); पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला आज के समय में हरियाणा में एकमात्र ऐसे नेता हैं, जो पिछले चालीस दशक से हरियाणा की राजनीति में सक्रिय हैं और कई बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उनके जेल जाने के बाद इनेलो संगठन जरूर कुछ कमजोर हुआ। लेकिन अब जब वे बाहर आ गए हैं तो उन्हें संगठन को मजबूत करना बखूबी आता है। उनके बाहर आने से इनेलो कार्यकर्ताओं के साथ-साथ उन सभी लोगों में एक जोश का संचार हुआ है। 

इनेलो के प्रदेश महासचिव अशोक जैन ने ओमप्रकाश चौटाला की रिहाई के बाद विशेष बातचीत में कहा कि अब कोई संदेह नहीं रह गया है कि इनेलो की सरकार नहीं बनेगी। लोग इनेलो से जुडऩा चाहते हैं। चौधरी ओमप्रकाश चौटाला की रिहाई वे बहुत से ऐसे नेता, जो दूसरे दलों में घुटन महसूस कर रहे हैं, उन्हें उम्मीद की किरण दिखाई दी है। वे चौधरी साहब के बाहर आने से उत्साहित हैं और इनेलो में ही अपना भविष्य देख रहे हैं।

जैन ने कहा कि कई दलों के नेताओं ने चौधरी ओमप्रकाश चौटाला से संपर्क साधा है। ऐसे नेताओं को संगठन के माहिर चौधरी ओमप्रकाश चौटाला समय आने पर इनेलो ज्वाइन करवाएंगे। चौधरी अभय सिंह चौटाला, जो त्याग की मौजूदा समय में सबसे सशक्त प्रतिमूर्ति हैं। उन्होंने हमेशा संगठन को एकजुट करने के लिए प्रयास किया। कभी किसी प्रकार के पद की लालसा नहीं की। केवल संगठन की मजबूती के लिए लड़ते रहे। वर्तमान में अकेले ऐसे विधायक हैं, जो किसानों के लिए अपनी विधायकी को त्याग चुके हैं। अशोक जैन ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे संगठन मजबूती के लिए जुट जाएं। लोगों को जाकर बताएं कि किस तरह से आम जन के लिए दस साल की जेल काटने के बाद भी पूर्व मुख्यमंत्री के चेहरे पर शिकन तक नहीं है। वे आज भी उसी मजबूती के साथ लोगों के बीच में है, जिसके साथ वे दस साल पहले जाते थे। निश्चित तौर पर आने वाले समय में इनेलो की सरकार होगी।

Content Writer

Isha