चौटाला का टॉनिक कर गया रामपाल को जवान

6/12/2018 9:44:56 AM

अंबाला(मीनू):  चुनाव आते ही सभी राजनीतिक पार्टियों को हरियाणा में पानी की कमी का मुद्दा नजर आ जाता है। हालांकि इनैलो-बसपा इस मुद्दे को पूरे जोर-शोर से भुना रही हैं। इनैलो अभय चौटाला की अध्यक्षता में एस.वाई.एल.- दादूपुर नलवी नहर का मुद्दा पूरे जोश-खरोश से उठा रही है। जिसके लिए वह जेल भरो आंदोलन कर रही है। हरियाणा के विभिन्न जिलों में जेल भरो आंदोलन किए जा रहे हैं जिस पर विभिन्न राजनीतिज्ञों द्वारा चुटकियां भी ला जा रही हैं। 

इनैलो ने रणदीप सुर्जेवाला का गढ़ माने जाने वाले क्षेत्र कैथल जिले में सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां देकर एक अलग कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। कैथल से 3 बार विधायक रह चुके रामपाल माजरा की अध्यक्षता में 11,230 लोगों ने गिरफ्तारियां दीं, जिनमें 8230 पुरुष थे और 3000 महिलाएं शामिल थीं। 

अब तक के हरियाणा जिले में जितने भी जेल भरो आंदोलन हुए हैं, उनमें से गिरफ्तारियों की यह संख्या सबसे अधिक है। गौरतलब है कि गत चुनाव में कैथल जिले में इनैलो ने 4 में से 1 सीट भी नहीं जीती थी। इतनी बड़ी संख्या में जेल भरो आंदोलन में हुई गिरफ्तारियों से इनैलो के प्रमुख नेताओं की बांछे खिल गई हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता इसे जन समर्थन के रूप में ले रहे हैं।
 

Rakhi Yadav