बच्चों से लेकर बूढ़ों तक में दिखा उत्साह, छठ त्यौहार के ऐसे आयोजन पर मुख्यमंत्री का जताया आभार

11/19/2023 7:51:49 PM

पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत के एनएफएल घाट पर रविवार को ज्यों-ज्यों शाम ढल रही थी, लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बच्चों से लेकर बूढ़े तक उत्साहित होकर छठ पर्व के रंग में झूम रहे थे। यहां मौजूद हर कोई ऐसे भव्य छठ पूजा महोत्सव के आयोजन पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद कर रहा था, जिनकी सोच से पानीपत में पहली बार छठ पर्व पर ऐसा कार्यक्रम आयोजित हुआ।

पूर्वांचल समाज के पीएनसिंह, मधु शुक्ला, आनंद झा और चंदन मिश्रा जैसे सैकड़ों लोगों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कोटि-कोटि धन्यवाद किया। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने छठ पर्व पर उनके बीच पहुंचकर यह जता दिया कि उन्हें पूर्वांचल समाज की कितनी चिंता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल हरियाणा एक-हरियाणवी एक का नारा देते हैं। छठ पर्व के इस कार्यक्रम नें सिद्ध कर दिया कि पूर्वांचलवासी भी हरियाणा का अहम हिस्सा हैं और इस प्रदेश की प्रगति में योगदान देते हैं।

छठ पूजा महोत्सव में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आप सब पर छठ मईया का आशीर्वाद बना रहे यही मेरी कामना है। पानीपत में तीज के त्योहार के दिन हमनें संकल्प किया था कि बहन बेटियों के सभी त्योहार मनाए जाएंगे। मनोहर लाल ने कहा पानीपत की ज़मीन से ही 22 जनवरी 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि NFL के पास नहर पर छठ पर्व मनाने के लिए 700 फ़ुट का घाट तैयार किया जाएगा। यह घाट दो करोड़ की लागत से बनकर तैयार होगा। इतना ही नहीं, एक घाट असंद रोड पर थर्मल चैनल के पास भी एक करोड़ रुपया की लागत से तैयार कराया जाएगा और बाबरपुर के पास में दो करोड़ की लागत से घाट तैयार किया जाएगा। सूर्य मंदिर के लिए ज़मीन उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सूर्य मंदिर के लिए 21 लाख रुपया देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकार और उनके आत्मसम्मान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संवेदनशील हैं।

सांसद मनोज तिवारी ने गाकर सुनाया छठ का गीत

सांसद मनोज तिवारी ने छठ का गीत गाकर सुनाया। उन्होंने जैसे ही गाना शुरू किया तो लोग उत्साह से भर गए और तालियां बजाकर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा कार्यक्रम में की गई घोषणाओं के बाद सांसद मनोज तिवारी ने उनकी दोबारा मंच पर आकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि छठ घाट के लिए कुछ राज्यों में तो लोगों को संघर्ष करना पड़ा है लेकिन हरियाणा के मुख्यमंत्री का बड़ा दिल देखिए जो उन्होंने करोड़ों रुपये से छठ घाट बनाने की सौगात दी है।

गायिका मीनाक्षी पांचाल और गायक हरीश के गीतों पर झूमे लोग

सूचना, जनसंर्पक, भाषा तथा संस्कृति विभाग की ओर बुलाई गई गायिका मीनाक्षी पांचाल और गायक हरीश ने भोजपुरी गीतों से सभी लोगों का मन मोह लिया। उन्होंने छठ पर्व से जुड़े अलग-अलग गीतों की स्वर लहरियां प्रस्तुत की, जिन पर लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Mohammad Kumail