मुख्यमंत्री ने किया सरल केंद्रों का उद्घाटन, 37 विभागों की 425 सेवाएं मिलेंगी ऑनलाईन

12/25/2018 4:43:13 PM

करनाल(केसी आर्या): मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने करनाल में सुशासन दिवस पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के 115 अंत्योदय सरल केन्द्रों का उद्घाटन किया, जिनमें 37 विभागों की 425 सेवाएं आज से ऑनलाइन हुई हैं। इन सरल केन्द्रों पर टाइमबांड होने के साथ मुख्यमंत्री खुद औचक जांच करते रहेंगे। प्रदेश सरकार का दावा है कि सुशासन दिवस पर मंगलवार को हरियाणा देश का ऐसा पहला राज्य बन गया है, जहां नागरिकों की दिक्कत को खत्म करने और भ्रष्टाचार की कमर तोडऩे के लिए 115 अंत्योदय सरल केन्द्रों का शुभारम्भ किया गया।



इस बारे में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी शहरों और करीब 6 हजार गांवों में उपलब्ध अटल सेवा केंद्र अंत्योदय भवन और अंत्योदय सरल केंद्र के माध्यम से एक साथ 37 विभागों की 425 सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो गया है। एक ही पोर्टल पर सभी सेवाएं और योजनाएं उपलब्ध करवाने के लिए ही प्रदेश के सभी जिलों के लिए 115 अंत्योदय सरल केन्द्रों का शुभारम्भ किया गया है।



वीडियो कांफ्रेंसिंग से मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने विभिन्न जिलों में ई सेवा का उद्घाटन करते हुए अधिकारीयों से बात की और हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर राशन कार्ड की बनवाने के बारे में जानकारी ली।  इस मौके पर उन्होंने अटल सेवा केंद्रों में नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने वाले कुछ कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।



पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि शासन का लाभ लोगों को अधिक से अधिक मिले इसका लगातार प्रयास किया जा रहा है।  ई गवर्नेंस गुड गवर्नेंस का उत्तम तरीका है और इस दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में जब हम सत्ता में आये थे तब 3 रजिस्ट्रेशन से इसकी शुरुआत की थी। तहसील में रजिस्ट्रियां ऑनलाइन होने से नागरिकों को इधर-उधर भटकने से निजात मिली है और भ्रष्टाचार समाप्त करने में काफी हद तक सफलता मिली है। इसमें समय समय पर इजाफा किया गया और आज 425 सेवाओं को इसमें शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि तहसील स्तर पर भी लोग इन सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।



सेवाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि संबंधित लाइसेंस लेने, बिजली कनेक्शन लेने, लोड बढ़वाने सहित अन्य सेवायें समय बद्ध मिलेंगी। नागरिकों की सहायता के लिए वीएलई को ट्रेनिंग दी जा रही है। सेवाओं की जानकारी देने के लिए एक हेल्पलाइन भी बनाई गई है, जिसमें  आम आदमी सभी जानकारियां ले सकता है।

Shivam