2016 में हुए जातिगत दंगे के मास्टर माइंड मुख्यमंत्री मनोहर लाल: जयहिंद

12/24/2018 10:09:22 AM

भिवानी(मोटू): आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में 2019 के चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा 2016 की तरह फिर से जातिगत दंगे करवाने का अंदेशा जाहिर करते हुए लोगों को सावधान रहने की बात कही है। यह गंभीर आरोप आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने आज भिवानी में भाजपा पर लगाए। वह यहां एक सामाजिक कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि हिस्सा लेने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री ने मेयर चुनाव में खुद को पंजाबी कहते हुए वोट मांगें, यह इस बात को सिद्ध करता है कि मुख्यमंत्री जातिगत भाइचारा खराब कराने वाला व्यक्ति है। 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश का होता है, न कि किसी एक जाति विशेष का। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि हरियाणा में 2016 में भाजपा सरकार के दौरान हुए जातिगत दंगे का मास्टर माइंड वर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर थे। इसीलिए उन्होंने 2019 के चुनाव से पहले प्रदेश की जनता को आगाह करते हुए कहा कि चुनाव से पहले हरियाणा में भाजपा फिर से जातिगत दंगे करवा सकती है। इसीलिए आपसी भाईचारे को बनाए रखे तथा भाजपा से सावधान रहे। 

नवीन जयहिंद ने प्रदेश में रोजगार के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरते हुए कहा कि गु्रप डी की भर्ती में जिस प्रकार पेपर सैट किया गया था। वह इतना कठिन था कि उसे उच्च डिग्रियों वाले अभ्यर्थी भी पास नहीं कर सकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा इसीलिए किया गया था कि भर्ती बीच में लटक जाए। आज हो रही कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि 200 किलोमीटर दूर सैंटर बनाकर युवाओं को प्रताडि़त किया जा रहा है। आप नेता जयहिंद ने कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में विधानसभा व लोकसभा दोनों चुनाव लड़ेगी। ऐसे में जिताऊ कैंडीडेट आम आदमी पार्टी के पास न होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव में बड़े नामचीन चेहरे न होने के बाद भी आप ने दिल्ली में 67 सीटें हासिल कीं। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस गुटबाजी की बात कहते हुए कहा कि आज हरियाणा में 6 कांग्रेस है तथा इनैलो खत्म हो चुकी है। दुष्यंत चौटाला द्वारा बनाई गई पार्टी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समय आने पर जननायक जनता पार्टी से बातचीत के विकल्प भी खुले रखे जाएंगे। जी.एस.टी. में छूट दिए जाने के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा को 2019 के चुनाव में हार दिखाई दे रही है जिसके चलते भाजपा ऐसे निर्णय ले रही है। 

Deepak Paul