मुख्यमंत्री ने किया नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण

1/23/2022 5:14:42 PM

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को  चंडीगढ़ में नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में नेताजी जी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे नेताजी के आदर्शों और बलिदान से प्रेरणा लेते हुए देश सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित करें। उन्होंने कहा कि आज का दिन आजादी के समय को याद करने का सुनहरा अवसर है, इस आजादी को प्राप्त करने के लिए नेताजी और कई अन्य शहीदों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस एक अद्वितीय नेता थे, जिन्होंने आजाद हिंद फौज का नेतृत्व करके न केवल भारत की धरती पर बल्कि पूरे विश्व में आजादी की मशाल जलाई थी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के उस महान युग में, जब देश ब्रिटिश शासन के चंगुल से मुक्त होने के लिए संघर्ष कर रहा था, नेताजी ने अपनी आजाद हिंद फौज के 50,000 बहादुर जवानों के साथ विदेशी शासन की नींव हिला कर रख दी थी और अंग्रेजों को भारत छोड़ना पड़ा था।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय रेडियो पर प्रसारित नेता जी के भाषण में, विशेष रूप से वह नारा, 'तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा' ने निश्चित रूप से युवाओं में देशभक्ति व अदम्य साहस पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में पूरा देश अमृत महोत्सव मना रहा है, इसी कड़ी में राज्य में जनभागीदारी के साथ हैं ऐसे 1500 कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि देश सेवा में हरियाणा का योगदान हमेशा राज्य के लिए गर्व का विषय रहा है। नेताजी की आजाद हिंद फौज में भी राज्य के युवाओं ने बड़ी संख्या में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया था। मुख्यमंत्री ने उन सभी सैनिकों को भी नमन किया जो आजाद हिंद फौज का हिस्सा थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अन्य गणमान्यों  के साथ सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस पार्क में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर प्रदर्शनी भी लगाई गई।

Content Writer

Isha