जन्म से पहले ही बच्चे की मौत, स्टाफ व डाक्टर पर लगा लापरवाही का आरोप

12/5/2019 9:31:33 AM

अम्बाला शहर (कोचर) : बलाना निवासी गर्भवती महिला की मंगलवार देर शाम को शहर के निजी अस्पताल में डिलीवरी हुई लेकिन जन्म से पहले पेट में ही बच्चे की मौत हो चुकी थी। जानकारी के मुताबिक बलाना निवासी ओसीन 9 माह की गर्भवती थी। सोमवार दोपहर को अचानक उसके पेट में काफी दर्द हुआ। परिजन उसे शहर के जिला नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंचे।

महिला वार्ड में उसे डाक्टर ने चैक करने के बाद स्टाफ से इंजैक्शन लगवाया और कहा कि दर्द ठीक हो जाएगा। उसकी डिलीवरी कल होगी। घर जाने के कुछ देर बाद पेट दर्द में कुछ राहत मिली लेकिन मंगलवार दोपहर को फिर से असहनीय दर्द हुआ। अबकी बार परिजन उसे सिविल अस्पताल की बजाय पुलिस लाइन मिक्सी चौक के नजदीक स्थित निजी अस्पताल में ले गए।

वहां मंगलवार देर शाम को आप्रेशन के जरिए महिला की डिलीवरी की तो पता चला कि जन्म से कई घंटे पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी। महिला के परिजनों ने आरोप लगाए कि सिविल अस्पताल के डाक्टर व स्टाफ ने ओसीन को पेट दर्द होने पर गलत इंजैक्शन लगाया जिसके कारण पेट में जन्म से पहले ही बच्चे की मौत हो गई। हालांकि बुधवार देर शाम तक परिजनों ने सिविल अस्पताल के स्टाफ व डाक्टर के खिलाफ पुलिस या स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के पास कोई लिखित शिकायत नहीं की थी।

Isha