सोशल मीडिया से सीख आंगन में उगाई थी अफीम, पुलिस ने आरोपी को किया काबू...गिनती करने पर मिले 190 पौधे

3/9/2024 2:18:12 PM

अंबाला (अमन कपूर) : हरियाणा में अंबाला की नारायणगढ़ थाना पुलिस ने गांव लाहा में अफीम की खेती पकड़ी है। पुलिस ने शुक्रवार देर शाम गुप्त सूचना पर आरोपी के घर रेड की। आरोपी ने अपने घर पर ही अफीम के पौधे लगाए हुए थे। गिनती करने पर 190 पौधे मिले, जिन्हें पुलिस ने उखाड़ दिया। आरोपी ने सोशल मीडिया पर देख अफीम की खेती करनी सीखी थी। वहीं आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


सीआईए स्टाफ शहजादपुर की टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि गांव लाहा में सर्वजीत सिंह ने अपने घर के आंगन में अफीम के पौधे लगाए हुए हैं। इस सूचना के तुरंत बाद पुलिस ने सर्वजीत सिंह के घर पर रेड की। शाम करीब 7 बजे सूचित करके शहजादपुर/नारायणगढ़ के नायब तहसीलदार संजीव और गांव के सरपंच मोहन सिंह को भी मौके पर बुलाया।

आरोपी पेशे से ड्राइवर 

ASI जरनैल सिंह ने बताया कि 29 वर्षीय आरोपी सर्वजीत पेशे से ड्राइवर है। आरोपी कहीं से बीज लेकर आया था। आरोपी ने सोशल मीडिया पर अफीम की खेती करने के बारे में जानकारी जुटाई थी। उसके बाद अपने घर के आंगन में खेती शुरू कर दी थी। पुलिस ने आरोपी सर्वजीत को गिरफ्तार कर लिया है। इन पौधों का वजन किया तो 4 किलो 150 ग्राम हुआ। आरोपी सर्वजीत के खिलाफ नारायणगढ़ पुलिस थाने में धारा 18-61-85 NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana