CIA पलवल की बड़ी सफलता, मुठभेड़ के बाद 5 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, बड़ी वारदात की फिराक में था
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 05:02 PM (IST)
पलवल (दिनेश) ; CIA पलवल ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए आधा दर्जन संगीन मामलों में संलिप्त पांच हजार रुपए के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में काबू करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल भी बरामद की है।
DSP सदर पलवल मनोज वर्मा ने बताया कि पलवल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए स्टाफ पलवल की टीम ने आज एक मुठभेड़ के बाद दिघौट क्षेत्र के नामी बदमाश बलराम उर्फ बबली को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी द्वारा पुलिस पार्टी पर सीधी फायरिंग की गई, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को पैर में गोली लगने के बाद काबू किया।
CIA स्टाफ पलवल के इंचार्ज निरीक्षक रविन्द्र कुमार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दिघौट निवासी बदमाश बलराम उर्फ बबली, जिसके खिलाफ पहले भी कई संगीन मामले दर्ज हैं, अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में दिघौट-पिंगौड रोड पर पिंगौड नाले के पास घूम रहा है। सूचना के आधार पर सीआईए इंचार्ज ने तुरंत रेडिंग पार्टी तैयार की और दो सरकारी गाड़ियों में बिना बत्ती जलाए मौके पर घेराबंदी की।
पुलिस की गाड़ी को देखकर आरोपी खेतों की तरफ भागने लगा। जब पुलिस टीम ने उसे रुकने और आत्म समर्पण करने की चेतावनी दी, तो आरोपी बलराम ने अवैध देशी पिस्तौल निकालकर सीधे निरीक्षक रविन्द्र कुमार पर जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायर किए, जिसमें वे बाल-बाल बचे।
पुलिस टीम द्वारा बार-बार आत्मसमर्पण की चेतावनी देने और हवाई फायर करने के बावजूद जब आरोपी ने फिर से पुलिस पार्टी पर हथियार तान दिया, तो सीआईए इंचार्ज ने अपनी टीम व आत्मरक्षा में तथा आरोपी को काबू करने के लिए आरोपी के पैरों को निशाना बनाकर नियंत्रित जवाबी फायर किया। गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे सावधानीपूर्वक काबू कर लिया। जिसका फिलहाल उपचार चल रहा है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)