कूड़े के ढेर में तबदील हुआ शहर, जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर

11/6/2016 2:35:53 PM

भिवानी (पंकेस): दीवाली के बाद शहर की सफाई न होने की वजह से शहर कूड़े से अट गया है। शहर का कोई ऐसा चौक व चौराहा नहीं होगा। जहां पर गंदगी के ढेर न लगे हों। गंदगी के ढेर लगे होने के कारण लोगों का वहां से निकलना दूभर हो गया है। यहां तक कि लोग वहां से मुंह पर कपड़ा ढांप कर निकलने को मजबूर हैं। नगर परिषद के कर्मचारियों के उपेक्षित रवैये के चलते शहर में अनेक जगहों पर कूड़े के ढेर लग गए हैं। सफाई कर्मचारियों द्वारा गंदगी के ढेर न उठाने की वजह से हवा के हल्के झोंके से भी गंदगी लोगों के घरों तक जा रही है। सबसे बुरी स्थिति पुराना बस अड्डा इलाके की बनी है। यहां पर सिविल लाइन पुलिस थाने के पास सड़क पर बिखरा कूड़ा वहां से गुजरने वाले हर व्यक्ति को अखर रहा है। यहां पर कूड़ा डस्टबिन से निकलकर सड़क पर फैल गया। आवारा पशुओं के उक्त ढेर में मुंह मारने की वजह से कूड़ा और ज्यादा बिखर रहा है। यह भी नहीं है कि इस बारे में इलाके के लोगों ने जिला प्रशासन को कई बार सूचना दी लेकिन आज तक जिला प्रशासन ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया है। 


यही स्थिति शहर के अंदरुनी इलाकों की बनी है। इन इलाकों में कई जगहों पर गंदगी के ढेर लगे होने के कारण इलाके के लोगों को नारकीय जीवन जीने पर मजबूर होना पड़ रहा है। बिचला बाजार, भगनपुरी, बर्तन बाजार व शहर के अन्य अंदरुनी इलाकों में कई जगहों पर गंदगी के ढेर लगे हैं। जिनके कारण वहां से निकलना बड़ा मुश्किल हो गया है। इस बारे में लोगों ने कई बार शिकायत की लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। 


कचरे में डाल रहे हैं गोबर
जगह-जगह शहर व बाहरी इलाकों में कचरे के ढेर होने के कारण पशुपालक व डेयरी संचालक पशुओं का गोबर तक डाल रहे हैं। गोबर डालने के बाद कचरे में बदबू आने लगती है। जिसके कारण उस इलाके में रहने वाले लोगों का जीना मुहाल हो रहा है। जिस वजह से नाले भी बंद होते जा रहे हैं। उनका पानी सड़कों पर फैलने लगा है। 


पटाखों का कचरा भी सड़कों पर
दीवाली बीत जाने व शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लाख दावों के बाद आज भी शहर में अनेक जगहों पर पटाखों का कचरा सड़कों पर पड़ा है। न.प. कर्मचारियों ने उस कूड़े को एकत्रित करने या उठाने तक की जहमत नहीं उठाई है। न.प. कर्मचारियों के उपेक्षित रवैये के चलते लोगों का जीना मुहाल हो गया है। पटाखों का कचरा उड़कर लोगों के घरों तक पहुंच रहा है।


पॉलिथीन पर कोई बैन नहीं
कई बार जिला प्रशासन द्वारा पॉलिथीन पर बैन लगाने के आदेशों के बाद भी लोग धड़ल्ले से पॉलीथिन का प्रयोग कर रहे हैं। दीवाली पर्व पर पॉलीथीन का ज्यादा प्रयोग होने के बाद अब वह पॉलीथिन सड़कों पर आ गया है। लोगों ने डस्टबिन में डालने की बजाय सड़कों पर फैंकना आरंभ कर दिया है। कई जगहों पर कचरे में ढेर से पॉलीथिन उड़कर लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। जिसके कारण लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।